2014-05-03 10:40:22

काबूलः अफ़गानिस्तान में भूस्खलन से 2100 की मृत्यु


काबूल, 03 मई सन् 2014 (एशियान्यूज़): अफ्गानिस्तान के बदख्शाँ प्रान्त में, शुक्रवार को भारी वर्षा के उपरान्त हुए भूस्खलन से कम से कम 2,100 व्यक्तियों की मौत हो गई है।
अफ़गानिस्तान सरकार ने 2,100 व्यक्तियों की मरने की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रान्त के पहाड़ी इलाकों में 300 परिवार जीवन यापन करते थे जिनके सभी 2,100 लोगों की, भूस्खलन में, मौत हो गई है।
बदख्शां प्रांत के गर्वनर शाह वलीउल्ला अदीब, अफ़गानिस्तान सरकार एवं संयुक्त राष्ट्र संघीय एजेन्सियों के अनुसार भूस्खलन के कारण लगभग सभी मकान ध्वस्त हो गए हैं। विशेष रूप से, हारगु गाँव पर भूस्खलन का कहर पड़ा जहाँ ग्रामीण लोग इस प्राकृतिक आपदा के आगे खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन, संयुक्त राष्ट्र संघ और नाटो के सैन्य बल बदख्शां प्रांत में भूस्खलन पीड़ितों की मदद में लगे हैं। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार गांव में दिन भर तेज बारिश हुई और बाढ़ भी आ गई। अफगानिस्तान में प्रायः भूस्खलन और हिमस्खलन की घटनाएं होती हैं लेकिन इस बार का भूस्खलन भीषण था।
अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र संघीय सहायता मिशन के प्रवक्ता एरी गैतानिस ने बताया कि कई ग़ैरसरकारी संगठन एवं राहत एजेन्सियाँ लोगों को मलबे से निकालने में स्थानीय प्रशासन की मदद कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ के अनुसार लगभग 1,000 मकान ध्वस्त हो गये हैं तथा मलबे से किसी को भी बाहर निकालना असम्भव ही लग रहा है।








All the contents on this site are copyrighted ©.