2014-02-22 14:09:44

संत पापा को भारत का दौरा हेतु निमंत्रण


नई दिल्ली, शनिवार, 22 फरवरी 2014 (उकान): भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन ने संत पापा फ्राँसिस को भारत का दौरा करने हेतु निमंत्रण देने का भारत सरकार से आग्रह किया है।
भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नाम शुक्रवार 21 फरवरी को लिखे पत्र में उन्होंने आग्रह किया कि उपयुक्त समय में संत पापा को दौरे हेतु निमंत्रण दिया जाए।
भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के महासचिव फादर जोसेफ चिन्नायन और थल परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ऑस्कर फर्नांडेस ने प्रधान मंत्री के कार्यालय जाकर उन्हें अनुरोध पत्र सौंपा।
विदित हो कि भारत के चार कार्डिनलों ने विभिन्न अवसरों पर संत पापा से मुलाकात कर उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया है। उनके निमंत्रण पर संत पापा ने भारत की यात्रा हेतु दिलचस्पी भी दिखाई है किन्तु वाटिकन राज्य के शीर्ष होने के नाते संत पापा को भारत सरकार द्वारा औपचारिक निमंत्रण दिया जाना आवश्यक है।
ज्ञात हो कि सीबीसीआई ने केरल के पालाय में सम्पन्न सम्मेलन में इस पर विचार किया था तथा प्रस्ताव रखने का निश्चय किया था। उधर, प्रधान मंत्री ने काथलिक प्रतिनिधियों को आश्वसन दिया है कि भारत सरकार इस मामले में उन्हें अपना पूर्ण सहयोग देगी। उन्होंने यह भी कहा कि संत पापा हमारे समय के एक महान व्यक्ति हैं अतः उनके दौरे से भारत सम्मानित महसूस करेगा।








All the contents on this site are copyrighted ©.