2014-01-02 14:33:55

संत पापा फ्राँसिस ने ‘संत मरिया मेजर’ महागिरजाघर में प्रार्थना अर्पित की


वाटिकन सिटी, बृहस्पतिवार, 2 जनवरी 2014 (वीआर सेदोक): संत पापा फ्राँसिस ने बुधवार 1 जनवरी को, रोम स्थित ‘संत मरिया मेजर’ महागिरजाघर का दौरा कर मदोना सालुस पोपोली रोमानी अर्थात् रोमवासियों की महारानी मरियम के सम्मुख मौन प्रार्थना अर्पित की।
संत मरिया मेजर महागिरजाघर में संत पापा का यह व्यक्तिगत दौरा उनकी कार्यक्रम सूची में शामिल नहीं था किन्तु इस दौरे ने महागिरजाघर में उपस्थित लोगों को खुशी एवं आश्चर्य से भर दिया।
ज्ञात हो कि संत पापा ने पिछले नौ महीनों में कई अवसरों पर संत मरिया मेजर महागिरजाघर जाकर माता मरिया से व्यक्तिगत प्रार्थना अर्पित की है, पहली बार संत पापा चुने जाने पर तथा दूसरी बार विश्व युवा दिवस पर ब्राजील की यात्रा आरम्भ करने के पूर्व।
धर्मविधि पंचांग के अनुसार 1 जनवरी ईश माता मरिया का महापर्व है। संत मरिया मेजर महागिरजाघर पाश्चात्य देशों में प्रथम तीर्थ स्थल है जो ईश्वर की माता मरिया के आदर में समर्पित है।








All the contents on this site are copyrighted ©.