2013-12-19 13:26:36

गोआः रूस के नागरिकों को गोआ में ऑरथोडोक्स चर्च की आशा


गोआ, 19 दिसम्बर सन् 2013 (ऊका समाचार): गोवा में, रूसी नागरिकों ने, एक ख्रीस्तीय ऑरथोडोक्स गिरजाघर के निर्माण की मंशा व्यक्त की है।
गोआ में 500 से अधिक ऐसे रूसी नागरिक हैं जिन्होंने गोआ को अपना निवास बना लिया है और अब वे चाहते हैं कि आराधना अर्चना के लिये वे गोआ राज्य की राजधानी पणजी से 20 किलो मीटर की दूरी पर स्थित कैनडोलिम में रूसी ऑरथोडोक्स गिरजाघर का निर्माण कर सकें।
इस सन्दर्भ में मुम्बई स्थित रूसी वाणिज्य दूतावास के अधिकारी एम. मेज़ारेलू ने इस बात को स्वीकार किया कि बहुत समय से गोआ में निवास करनेवाले रूसी नागरिकों के लिये ऑरथोडोक्स गिरजाघर के निर्माण की आवश्यकता है। तथापि, उन्होंने कहा कि रूसी सरकार इस मामले में गोआ की सरकार पर किसी भी प्रकार का दबाव नहीं डाल सकती क्योंकि रूस में राज्य एवं कलीसिया अलग-अलग हैं।
उन्होंने कहा कि गोआ में रूसी ऑरथोडोक्स गिरजाघर का निर्माण तब ही हो सकता है जब स्थानीय कलीसियाई एवं प्रशासनिक अधिकारी इसके लिये सहमत हों।
यदि गोआ में रूसी ऑरथोडोक्स ख्रीस्तीयों के गिरजाघर का निर्माण होता है तो भारत में नई दिल्ली के बाद यह दूसरा रूसी ऑरथोडोक्स गिरजाघर होगा।
गोआ में 500 स्थायी रूसी निवासियों के अतिरिक्त प्रति वर्ष यहाँ शीतकाल में छुट्टियों के लिये लगभग 90,000 रूसी पर्यटक आते हैं जिनमें से दस हज़ार छः महीने गोआ में व्यतीत करते हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.