2013-11-29 15:53:08

शिक्षाविद जेस्विट फादर सी.डिब्रावर का निधन - शिक्षा जगत शोकित


राँची झारखंड, शुक्रवार 29 नवम्बर, 2013 (पीटीआई, दैनिक भाष्कर) शिक्षाविद् बेल्जियन जेस्विट फादर क्रिश्चियन डिब्रावर का गुरुवार की शाम 7.15 स्थानीय ऑर्किड अस्पताल में मृत्यु हो गयी। वे 89 वर्ष के थे। आदिवासियों की शिक्षा के लिये सात दशकों तक संत जेवियर्स कॉलेज, राँची में रसायन विज्ञान के प्रोफेसर के रूप में कार्यरत फादर डिबरावर की मृत्यु से झारखंड को गहरा झटका लगा है।
फादर डिब्रावर के पूर्व विद्यार्थी, राँची के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल तेलेस्फोर टोप्पो ने मिशनरी फादर डिब्रावर की मृत्यु को अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा, "छोटानागपुर के आदिवासियों ने एक बहुमूल्य रत्न खो दिया है।"
संत जेवियर्स कॉलेज के प्रिंसिपल निकोसल टेटे ने कहा, "फादर डिब्रावर पूरे कॉलेज परिवार के लिये पितातुल्य थे, उनके चले जाने से पूरा कॉलेज अनाथ-सा महसूस कर रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को झारखंड के लोग कदापि भुला नहीं पायेंगे। पूर्व प्रोफेसर डॉ वीपी शरण ने कहा, "फादर में गज़ब की उर्जा थी। वे एक-एक विद्यार्थी को नामसहित जानते थे।
26 नवंबर को सांस लेने में हो रही परेशानी के बाद उन्हें आर्किड हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था जहाँ उनकी मृत्यु हो गयी। उनकी मौत की खबर मिलने के बाद लोगों का आर्किड हॉस्पिटल पहुंचना शुरू हो गया।
बीआईटी, मेसरा के वीसी डॉ. मनोज कुमार मिश्र, आरयू के पूर्व वीसी डॉ. एए खान, प्रोवीसी डॉ. वीपी शरण, जेपीएससी के वरीय सदस्य डॉ. परवेज हसन, बीआईटी के डीआर एसएस अख्तर, रांची विवि के प्रोवीसी डॉ. रजिउद्दीन, रजिस्ट्रार डॉ. एके चौधरी, प्राचार्य डॉ. मंजु सिन्हा, डीआर डॉ. प्रीतम कुमार, प्रो. पीके वर्मा, सीवीएस डायरेक्टर डॉ. अशोक चौधरी, प्रो. अशोक कुमार सिंह आदि ने शोक जताया है।
फादर डिब्रावर के शुक्रवार को अपराह्न डेढ़ बजे राँची स्थित काँटाटोली कब्रस्थान में दफना दिया गया।
फादर क्रिश्चियन डिब्रावर फादर सी डिब्रावर का जन्म बेल्जियम में 21 जनवरी 1924 को हुआ था। 1950 में फादर रांची आए और संत जेवियर कॉलेज में रसायन विज्ञान पढ़ाने लगे। करीब साठ साल तक संत जेवियर कॉलेज में सेवाएं दीं। इस दौरान साल 1974 से 1979 तक फिजिक्स डिपार्टमेंट के एचओडी रहे। इसके अलावा लैब इंचार्ज, लाइब्रेरी इंचार्ज, एडमिशन इंचार्ज और ऑल वोकेशनल कोर्स के इंचार्ज की जिम्मेदार बखूबी निभाई।
रसायन विज्ञान और कम्प्यूटर विशेषज्ञ फादर सी. डिब्रावर को विगत साल 5 सितंबर 2012 को शिक्षक दिवस के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल ने शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिये सम्मानित किया था।










All the contents on this site are copyrighted ©.