2013-09-18 12:46:36

स्ट्रासबुर्ग, फ्राँसः धर्मों पर पाबन्दियों के प्रति यूरोपीय धर्माध्यक्षों ने किया सचेत


स्ट्रासबुर्ग, फ्राँस 18 सितम्बर सन् 2013 (सीएनआ): यूरोप के काथलिक धर्माध्यक्षों ने धार्मिक स्वतंत्रता पर प्रतिबन्धों के विरुद्ध चेतावनी दी है।
12 से 14 सितम्बर तक फ्राँस के स्ट्रासबुर्ग शहर में यूरोपीय काथलिक धर्माध्यक्षों के वैधानिक परामर्शकों की सभा सम्पन्न हुई जिसमें 22 यूरोपीय देशों के काथलिक धर्माध्यक्षों ने भाग लिया।
सभा में नैतिक आपत्ति, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा धर्मशिक्षा ग्रहण करने की स्वतंत्रता विषयों पर गहन विचार विमर्श किया गया। विशेषज्ञों ने इस बात पर बल दिया कि यूरोपीय नागरिकों में धर्म का महत्व सघन होता जा रहा है। हालांकि, इस बात के प्रति भी ध्यान आकर्षित कराया कि सदस्य राष्ट्रों में धर्मों पर कानूनी प्रतिबन्ध भी लगाये जा रहे हैं जिसके फलस्वरूप अनेक मामले यूरोपीय मानवाधिकार अदालत तक लाये जा रहे हैं।
काथलिक धर्माध्यक्षीय विशेषज्ञों ने धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा को प्रोत्साहन दिया तथा कहा कि यह स्वतंत्रता मानव प्रतिष्ठा पर आधारित है जिसकी रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।








All the contents on this site are copyrighted ©.