2013-07-10 12:46:20

वाटिकन सिटीः भारत के महाधर्माध्यक्ष कोच्चेरी बंगलादेश में परमधर्मपीठीय राजदूत नियुक्त


वाटिकन सिटी, 10 जुलाई सन् 2013 (सेदोक): भारत के महाधर्माध्यक्ष जॉर्ज कोच्चेरी को बंगलादेश में परमधर्मपीठीय राजदूत नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति की प्रकाशना वाटिकन द्वारा शनिवार को की गई थी।
केरल के मूलनिवासी महाधर्माध्यक्ष जॉर्ज कोच्चेरी सन् 1967 में दर्शन एवं ईशशास्त्र की पढ़ाई के लिये रोम आ गये थे जिसके बाद उन्होंने कलीसियाई विधान में डॉक्टरेड की उपाधि भी प्राप्त की।
सन् 1974 में आप पुरोहित अभिषिक्त हुए तथा सन् 1974 से सन् 1978 तक आपने वाटिकन की कूटनैतिक सेवा का प्रशिक्षण लिया। इससे पूर्व महाधर्माध्यक्ष कोच्चेरी दक्षिण कोरिया, कॉस्टा रिका, नाईजिरिया, वेस्ट इन्डीज़, थायलैण्ड, सिंगापोर, स्विटज़रलैण्ड तथा ऑस्ट्रिया स्थित परमधर्मपीठीय प्रेरितिक राजदूतावासों में उपसचिव एवं सचिव पदों पर सेवा अर्पित कर चुके हैं।
सन् 2000 में महाधर्माध्यक्ष जॉर्ज कोच्चेरी को घाना में परमधर्मपीठीय राजदूत नियुक्त किया गया था। आठ वर्ष घाना में राजदूत पद पर कार्य करने के उपरान्त सन् 2008 से आप ज़िम्बाबवे में परमधर्मपीठीय राजदूत थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.