2013-06-21 13:26:50

नई दिल्ली: धर्माध्यक्षीय सम्मेलन ने बाढ़ एवं भू स्खलन से तबाह लोगों के प्रति गहन संवेदना प्रकट की


नई दिल्ली, शुक्रवार, 21 जून 2013 (एशिया न्यूज़): भारतीय काथलिक धर्माध्यक्ष सम्मेलन, सीबीसीआई ने, बाढ़ एवं भूस्खलन की तबाही से उत्तराखण्ड राज्य के कई भागों में उत्पन्न गंभीर क्षति पर संदेश भेजकर गहन संवेदना प्रकट की।
सीबीसीआई के महासचिव धर्माध्यक्ष आलबर्ट डिसूजा ने 20 जून को एक अधिकारिक संदेश में लिखा, "यह गहन दुःख का विषय है कि हज़ारों तीर्थयात्री एवं ग्रामीण असहाय हो गये हैं तथा केदारनाथ एवं आस-पास के मंदिरों और पवित्र स्थलों को अत्यधिक क्षति हुई है। मृत लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भारत के काथलिक धर्माध्यक्ष अभी रास्ते में फंसे हज़ारों तीर्थयात्रियों, बेघर हुए तथा अपनी धन-सम्पति खो देने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति अपनी सहानुभूति एवं एवं एकात्मता का प्रदर्शन करते हैं।"

भारतीय कलीसिया के धर्मप्रांतीय करीतास एवं ग़ैरसरकारी संस्थाएँ सरकारी एजेंसियों को बाढ़ के शिकार लोगों की सहायता के लिए मदद कर रही है।

प्रकाशित आँकड़े के अनुसार विगत दिनों की बाढ़ और भूस्खलन के कारण लगभग 150 व्यक्तियों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है तथा हज़ारों तीर्थयात्री लापता हैं। पुलिस ने 30 हज़ार लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचा दिया है किन्तु 50 हज़ार लोग अभी भी भूस्खलन में फंसे हैं।









All the contents on this site are copyrighted ©.