2013-04-23 12:30:11

नई दिल्लीः पाँच वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म शर्मनाक, काथलिक डॉक्टर


नई दिल्ली, 23 अप्रैल सन् 2013 (एशिया समाचार): भारत के काथलिक चिकित्सक तथा जीवन सम्बन्धी परमधर्मपीठीय अकादमी के सदस्य डॉ. पास्काल कारवाल्हो ने दिल्ली में हुए पाँच वर्षीय बच्ची के बलात्कार को देश के लिये शर्मनाक निरूपित किया है।
एशिया समाचार से बातचीत में उन्होंने कहा, "इस नन्हीं सी बच्ची पर ढाई गई अकथनीय बर्बरता भारत के लिये शर्मनाक है।"
15 अप्रैल को दिल्ली में एक पाँच वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लेने के बाद दो पड़ोसियों ने दो दिन तक बच्ची का बलात्कार किया तथा उसे मृत छोड़कर अपराधी फरार हो गये। बच्ची के माता पिता की यह भी शिकायत है कि पुलिस ने शिकायत दर्ज़ करने में ढील दी। 19 अप्रैल को बच्ची को दिल्ली के ऑल इन्डिया इन्सटीट्यूट ऑफ मैडिकल साईन्सस एम्स में भर्ती कराया गया जहाँ उसकी हालत अत्यधिक गम्भीर बताई जा रही है।
पुलिस ने 25 और 30 वर्षीय दो छात्रों को गिरफ्तार किया है।
डॉ. कारवाल्हो ने कहा कि पुलिस की लापरवाही निन्दनीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय लड़कियों एवं महिलाओं के साथ हर क्षेत्र में भेदभाव किया जाता है और यह हिंसा उसी का परिणाम है।
इस बीच, दिल्ली की सड़कों पर लोगों ने विगत दिनों जमकर विरोध प्रदर्शन किये। उन्होंने 'दिल्ली पुलिस होश में आओ', 'एसीपी को बर्खास्त करो', 'शीला दीक्षित डाउन डाउन' जैसे नारे लगाये। प्रदर्शनों में आम जनता सहित मानवाधिकार संगठन तथा कई महिला संगठनों के सदस्य शामिल थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.