रोमः सन्त पापा फ्राँसिस रोम स्थित शरणार्थी केन्द्र की करेंगे भेंट
रोम, 10 अप्रैल सन् 2013 (सीएनए): सन्त पापा फ्राँसिस येसुधर्मसमाज द्वारा संचालित रोम
स्थित शरणार्थी केन्द्र की भेंट करेंगे। रोम स्थित शरणार्थी सेवा केन्द्र के निर्देशक
येसु धर्मसमाजी पुरोहित फादर जोवान्नी मान्ना ने 07 अप्रैल को अपने ट्वीटर पर यह सूचना
दी। उन्होंने बताया कि सन्त पापा फ्राँसिस ने स्वयं उनसे उनके मोबाईल पर बातचीत कर कहा
कि वे अवश्य ही शरणार्थी केन्द्र की भेंट करेंगे। येसु धर्मसमाज द्वारा संचालित रोम
का आस्ताल्ली शरणार्थी केन्द्र हज़ारों शरणार्थियों एवं आप्रवासियों की रोज़गार खोजने
आदि हेतु मदद कर रहा है। इसके अतिरिक्त, आप्रवासियों एवं शरणार्थियों को यहाँ मुफ्त में
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ एवं भोजन प्रदान किया जाता है, कपड़े आदि धोने की सुविधा
दी जाती है तथा शैक्षिक सहायता भी दी जाती है। रोम प्रशासन एवं येसु धर्मसमाजी केन्द्र
के बीच हुए एक समझौते के अनुसार इस शरण स्थल में आनेवाले शरणार्थियों एवं आप्रवासियों
को निष्कासन अथवा पहचान के भय बिना सेवाएँ प्रदान की जाती हैं। येसुधर्मसमाज द्वारा
रोम के आस्ताल्ली शरणार्थी केन्द्र की स्थापना सन् 1980 में की गई थी। इस समय केन्द्र
में शरण पानेवाले अधिकांश शरणार्थी एवं आप्रवासी इस्लाम धर्मानुयायी हैं।