2013-04-03 11:33:34

गोआः गोआ के काथलिक सन्त पापा फ्राँसिस को देंगे निमंत्रण


गोआ, 03 अप्रैल सन् 2013 (ऊका समाचार): गोआ के बोम येसुज़ महागिरजाघर के धर्माधिकारी सन् 2014 में होनेवाले, महागिरजाघर में सुरक्षित सन्त फ्राँसिस ज़ेवियर के अवशेषों के अभिदर्शन के उपलक्ष्य में, सन्त पापा फ्राँसिस को गोआ आने का निमंत्रण देने की योजना बना रहे हैं।
बोम येसुज़ महागिरजाघर के प्रधान पुरोहित फादर सावियो बेर्रेटो ने ऊका समाचार से कहा, "प्रथम येसु धर्मसमाजी सन्त पापा फ्राँसिस के गोआ आने की सम्भावना स्वस्थ है।"
उन्होंने कहा कि उक्त अभिदर्शन के लिये सन्त पापा फ्राँसिस को आमंत्रित करने हेतु महागिरजाघर को कई आवेदन प्राप्त हुए हैं।
फादर ने कहा कि वे सन्त पापा फ्राँसिस से निवेदन करेंगे तथा भारतीय सरकार से भी आग्रह करेंगे कि वह वाटिकन से इसके लिये औपचारिक निवेदन करे।
गोआ में सन्त फ्राँसिस ज़ेवियर के अवशेष दस वर्षों में एक बार अभिदर्शित किये जाते हैं तथा एक माह तक श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ महागिरजाघर खुला रहता है। सन् 2004 के बाद अब 2014 के लिये यह घटना निर्धारित है।
सन्त फ्राँसिस ज़ेवियर स्पेन के मूल निवासी थे जिन्होंने एशिया में ख्रीस्तीय धर्म का प्रचार किया था। सन् 1542 ई. में उस समय सन्त फ्राँसिस ज़ेवियर गोआ आये थे जब गोआ पुर्तगाल का उपनिवेश था।
चीन में सन्त फाँसिस ज़ेवियर के निधन के बाद उनके पार्थिव शव को जहाज़ से मलेशिया भेज दिया गया था जिसके बाद सन् 1553 ई. में गोआ लाया गया था। विश्वासियों के लिये यह एक चमत्कार ही है कि लगभग 500 वर्ष बाद भी सन्त का शरीर भ्रष्ट नहीं हुआ है।








All the contents on this site are copyrighted ©.