2013-01-04 11:57:39

नई दिल्लीः ठंड के कारण कम से कम 160 मरे


नई दिल्ली, 04 जनवरी सन् 2013 (ऊका समाचार): नई दिल्ली तथा उत्तरप्रदेश के कई क्षेत्र इस समय शीत लहर की चपेट में हैं। बताया जाता है कि हाल के दिनों की ठंड के कारण कम से कम 160 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है।
इस वर्ष की ठंड को 44 वर्षों बाद पहली बार की ठंड बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार ठंड से मरनेवालों में सर्वाधिक लोग बेघर हैं जो सड़कों पर जीवन यापन किया करते थे।
नई दिल्ली की एक ग़ैरसरकारी संस्था के अनुसार देहली में लगभग तीन लाख बेघर लोग निवास करते हैं जिनमें से केवल साढ़े सात हज़ार को रात्रि शरणस्थलों में जगह मिल पाई है।
काथलिक कलीसिया का विश्वव्यापी उदारता संगठन कारितास की नई दिल्ली शाखा के निदेशक फादक फेडरिक डिसूज़ा ने बताया कि "कारितास दिल्ली" बेघर लोगों को ठंड से बचाने के लिये कम्बलों एवं अन्य राहत सामग्रियों का वितरण कर रही है।
इस बीच, ठंड के साथ कोहरे के कारण रेलगाड़ियों एवं हवाईजहाज़ों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पारा 43 साल का रेकॉर्ड तोड़ते हुए 4.4डिग्री तक पहुँच गया जबकि शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे पारा मौसम के सबसे निचले स्तर 2.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शुक्रवार का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम अधिकारियों ने अनुमान व्यक्त किया है कि कल भी इसी तरह का मौसम रहेगा और तापमान चार से लेकर 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।









All the contents on this site are copyrighted ©.