2012-12-18 12:33:36

वाटिकन सिटीः परमधर्मपीठीय राजदूत महाधर्माध्यक्ष माड्था के आदर में, वाटिकन में ख्रीस्तयाग अर्पित


वाटिकन सिटी, 18 दिसम्बर सन् 2012 (सेदोक): वाटिकन स्थित सन्त पेत्रुस महागिरजाघर के पाओलीना प्रार्थनालय में, सोमवार को, वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल तारचिसियो बेरतोने ने आयवरी कोस्ट के परमधर्मपीठीय राजदूत महाधर्माध्यक्ष एम्ब्रोज़ माड्था के आदर में ख्रीस्तयाग अर्पित कर दिवंगत आत्मा के प्रति भावभीनी श्रद्धान्जलि अर्पित की।
अफ्रीका के आयवरी कोस्ट में परमधर्मपीठ के राजदूत महाधर्माध्यक्ष एम्ब्रोज़ माड्था का, आठ दिसम्बर को एक कार दुर्घटना में देहान्त हो गया था। भारत के मूल निवासी महाधर्माध्यक्ष माड्था का अन्तिम संस्कार, 14 दिसम्बर को, उनकी जन्म भूमि कर्नाटक के बेलतांगड़ी में सम्पन्न किया गया था।
वाटिकन में अर्पित ख्रीस्तयाग के अवसर पर कार्डिनल बेरतोने ने कलीसिया को अर्पित महाधर्माध्यक्ष माड्था की अनुपम सेवाओं को याद किया तथा माता कलीसिया, सन्त पापा एवं परमधर्मपीठीय मिशन के प्रति उनके समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "महाधर्माध्यक्ष माड्था ने कलीसिया के प्रति प्रेम के कारण अपना सम्पूर्ण जीवन सेवा में व्यतीत किया तथा सूझबूझ, परिपक्वता एवं उदारता के साथ अपने मिशन का निर्वाह किया।"
वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल बेरतोने ने आयवरी कोस्ट में युद्धविराम एवं शान्ति लाने हेतु भी महाधर्माध्यक्ष माड्था के प्रयासों की सराहना की और कहा कि उनकी उदारता, विनम्रता तथा सादगी ने आयवरी कोस्ट के संघर्षरत दलों के बीच पुनर्मिलन एवं वार्ता को सम्भव बनाया।
महाधर्माध्यक्ष माड्था की आध्यात्मिकता का स्मरण कर कार्डिनल महोदय ने कहा कि प्रभु की सेवा में तत्पर वे सदैव प्रार्थना में लीन रहा करते तथा उनका दीप सदैव प्रज्वलित रहा करता था।"
सन् 2010-2011 में आयवरी कोस्ट में उत्पन्न राजनैतिक संकट के समय महाधर्माध्यक्ष माड्था ने विवेक एवं प्रज्ञा का प्रदर्शन कर विभिन्न गुटों के बीच शान्ति लाने में मदद दी थी।
महाधर्माध्यक्ष एम्ब्रोज़ मैड्था का जन्म कर्नाटक के बेलतांगड़ी में 02 नवम्बर, सन् 1955 ई. को हुआ था। उन्होंने नागपुर विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिगरी तथा लखनऊ विश्वविद्यालय से शिक्षा शास्त्र में स्नातक की डिगरी प्राप्त की थी। नागपुर के सेन्ट चार्ल्स गुरुकुल में दर्शन एवं ईशशास्त्र के अध्ययन के बाद सन् 1982 में आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। तदोपरान्त, आपने रोम के अरबन परमधर्मपीठीय विश्वविद्यालय से कलीसियाई विधान में डॉक्टरेड की उपाधि ग्रहण की थी।
सन् 1990 से आप वाटिकन तथा परमधर्मपीठ के कूटनैतिक मिशन में कार्यरत थे। इस दौरान आपने घाना, एल साल्वादोर, जोर्जिया, अल्बानिया और तायवान स्थित परमधर्मपीठीय राजदूतावासों में सेवाएँ अर्पित की थी। सन् 2008 में सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने आपको आयवरी कोस्ट में वाटिकन के परमधर्मपीठीय प्रेरितिक राजदूत पद पर नियुक्त किया था।








All the contents on this site are copyrighted ©.