2012-12-13 16:02:30

आइवरी कोस्ट में प्रेरितिक राजदूत के निधन पर संत पापा की शोक संवेदना


वाटिकन सिटी 13 दिसम्बर 2012 (वीआर अंग्रेजी) संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने अफ्रीकी राष्ट्र आइवरी कोस्ट में वाटिकन के राजदूत रहे महाधर्माध्यक्ष अम्ब्रोस मदथा के निधन पर गहन शोक प्रकट किया है। भारतीय मूल के 57 वर्षीय महाधर्माध्यक्ष मदथा का निधन आइवरी कोस्ट की राजधानी आबिदजान के पश्चिम स्थित शहर बियांकोउमा में एक गंभीर कार दुर्घटना में 8 दिसम्बर को हो गया था जब वे उत्तर पश्चिमी शहर ओदियेने में एक पुरोहित अभिषेक समारोह में शामिल होने के बाद आबिदजान लौट रहे थे।

संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने उनके निधन पर भारत में वाटिकन के राजदूत महाधर्माध्यक्ष साल्वातोरे पिन्नाकियो और आबिदजान स्थित प्रेरितिक राजदूतावास के प्रभारी फादर रोबेरतो कामपिसी को शोक संवेदना का तार संदेश भेजा है। उन्होंने स्वर्गीय महाधर्माध्यक्ष मदथा को निष्ठावान सेवक, उत्साही पुरोहित और सक्षम कूटनीतिज्ञ बताया।

दिवंगत महाधर्माध्यक्ष के परिजनों के प्रति भी संत पापा ने अपनी शोक संवेदना व्यक् की है जिनके सुदृढ़ विश्वास ने निस्संदेह सहयोग दिया जिसके बल पर महाधर्माध्यक्ष मदथा ने कलीसिया और होली सी की सेवा की। संत पापा ने अपने शोक संदेश में लखनऊ धर्मप्रांत के लिए भी शोक संवेदना व्यक्त किया है जहाँ मान्यवर मदथा सन 1982 में पुरोहित अभिषिक्त हुए थे। स्वर्गीय मदथा ने जिस सक्षमता से अफ्रीकी देश में कल्याण शांति और एकता के कार्य किया इसकी संत पापा ने सराहना की।

घाना, एल साल्वाडोर, जोर्जिया, अल्बानिया और ताईवान स्थित प्रेरितिक राजदूतावासों में काम करने के बाद महाधर्माध्यक्ष अम्ब्रोस मदथा सन 2008 में आइवरी कोस्ट के प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किये गये थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.