2012-11-06 12:20:47

वाटिकन सिटीः मिस्र के नये कॉप्टिक धर्मगुरु को सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें की बधाई


वाटिकन सिटी, 06 नवम्बर सन् 2012 (सेदोक): मिस्र में एलेक्ज़ेनड्रिया के नये कॉप्टिक ऑरथोडोक्स ख्रीस्तीय धर्मगुरु तथा सन्त मार्क की पीठ के नवनियुक्त प्राधिधर्माध्यक्ष आन्बा तावाद्रोस की नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने, सोमवार को, एक सन्देश प्रेषित किया।
मिस्र के कॉप्टिक ऑरथोडोक्स ख्रीस्तीयों के नवनियुक्त धर्माधिपति आन्बा तावाद्रोस के प्रति हार्दिक बधाईयाँ अर्पित कर सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने लिखा, "मेरा विश्वास है कि आप अपने पूर्वाधिकारी पोप शिनोडा तृतीय के समान ही अपने लोगों के लिये यथार्थ आध्यात्मिक पिता होंगे तथा लोगों एवं सम्पूर्ण मध्यपूर्व के हित में, शांति और मैत्री के आधार पर नये मिस्र के निर्माण हेतु मिस्र के सभी नागरिकों के प्रभावशाली साझेदार बनेंगे।"
उन्होंने लिखा, "इस चुनौतिपूर्ण युग में, प्रभु येसु ख्रीस्त की प्रार्थना का स्मरण कर कि "वे सब एक हो जायें ताकि संसार विश्वास करे", यह नितान्त आवश्यक है कि सभी ख्रीस्तीय धर्मानुयायी उस प्रेम के साक्षी बनें जो उन्हें एकता के सूत्र में बाँधता है।"
सन्त पापा ने दिवंगत पोप शिनोडा तृतीय के नेतृत्व में मिस्र की कॉप्टिक कलीसिया तथा काथलिक कलीसिया के बीच सम्बन्धों में महत्वपूर्ण विकास के लिये प्रभु ईश्वर को धन्यवाद दिया तथा आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी दोनों कलीसियाओं के बीच वार्ता एवं मैत्री के वातावरण से चिर- स्थायी पुनर्मिलन की स्थापना हो सकेगी।
स्मरण रहे कि मिस्र की कॉप्टिक कलीसिया के धर्मगुरु पोप शिनोडा तृतीय के स्थान पर प्राधिधर्माध्यक्ष तावाद्रोस नियुक्त किये गये हैं, मार्च माह में पोप शिनोडा का निधन हो गया था। 18 नवम्बर को आयोजित अनुष्ठान समारोह में पोप तावाद्रोस द्वितीय मिस्र की प्राचीन कॉप्टिक कलीसिया के 118 वें धर्माधिपति अभिषिक्त किये जायेंगे।







All the contents on this site are copyrighted ©.