2012-10-13 15:55:12

यूरोपीय संघ को शांति का नोबेल पुरस्कार


बर्लिन, 13 अक्तूबर, 2012 (बीबीसी) यूरोप के नेताओं ने यूरोपीय यूनियन को वर्ष 2012 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिये चुने जाने को एकीकरण की दिशा में उनके प्रयास को दिया गया सम्मान और मान्यता कहा है।
यूरोपीयन कमीशन अध्यक्ष मानुएल बार्रोसो ने कहा, "सन् 2012 का नोबेल शांति पुरस्कार यूरोपीय यूनियन क लिये ‘अति महत्वपूर्ण सम्मान’ है। युद्ध और टकराव से दूर रहने के सामुहिक प्रयास और शांति और समृद्धि के लिये कार्य करने के संकल्प को दिया गया सबसे बड़ा सम्मान है।"
उन्होंने कहा, "यह पुरस्कार न सिर्फ़ योजनाओं और संस्थाओं के लिये है पर उन 500 मिलियन नागरिकों को दिया गया है जो यूरोपीय यूनियन देशों में निवास करते हैं।"
नोर्वे के नोबेल शांति पुरस्कार समिति ने पुरस्कार की घोषणा करते हुए कहा कि यूरोपीय यूनियन को नोबेल शांति पुरस्कार इस लिये दिया जा रहा है क्योंकि इसने पिछले छः दशकों में शांति, वार्ता, प्रजातंत्र और मानवाधिकार की रक्षा के लिये कार्य किया है।
बार्रोसो ने कहा, "27 देशों के यूरोपीय यूनियन ने युद्धग्रसित यूरोप महादेश को शांतिपूर्ण महादेश बना दिया है। दो विश्व युद्धों की बरबादी कगार से ऊपर उठाकर यूरोपीय यूनियन ने इस क्षेत्र को मानव मर्यादा, स्वतंत्रता, प्रजातंत्र, समानता, कानून का शासन और मानवाधिकार जैसे मूल्यों से जोड़ दिया है।"
पुरस्कार की घोषणा की सराहना करते हुए जर्मन चाँसलर अन्जेला मर्केल ने कहा कि नोबेल शांति पुरस्कार समिति का निर्णय ‘यूरोपीय एकता’ का सम्मान है।











All the contents on this site are copyrighted ©.