2012-09-18 12:20:59

मुम्बईः मुम्बई नगर निगम ने ज़मीन लेने के लिये गिरजाघर को दी नोटिस


मुम्बई, 18 सितम्बर सन् 2012 (ऊका समाचार): मुम्बई के मलाड उपनगर स्थित मालवानी की एक काथलिक पल्ली सेन्ट एन्तोनी काथलिक गिरजाघर को मुम्बई नगर निगम द्वारा दी गई नोटिस का विरोध कर रही है।
मुम्बई नगर निगम ने हाल में गिरजाघर को एक नोटिस देकर कहा है कि सड़क को चौड़ा करने के लिये गिरजाघर अपने प्राँगण की खुली जगह नगर निगम को दे दे।
सेन्ट एन्तोनी गिरजाघर का निर्माण 1872 ई. में किया गया था जो इस समय 14,000 काथलिक धर्मानुयायियों को प्रेरितिक सेवाएँ अर्पित कर रहा है। इसके अतिरिक्त, गिरजाघर को हाल में प्रस्तावित राष्ट्रीय दाय सम्पत्ति की सूची में रखा गया है।
गिरजाघर के पल्ली पुरोहित फादर ऑस्टिन नॉरिस ने मुम्बई नगर निगम को पत्र लिखकर कहा है कि पहला सितम्बर को नगर निगम द्वारा गिरजाघर को दिया गया नोटिस अमान्य है क्योंकि नगर निगम की दाय-सम्पत्ति सूची में भी सेन्ट एन्तोनी गिरजाघर का नाम है। टाईम्स ऑफ इन्डिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि गिरजाघर के खुले प्राँगण में विशिष्ट पर्वों पर धर्मविधिक समारोह मनाये जाते हैं। उन्होंने कहा, "हम वार्ड ऑफिस से न्याय के लिये अपील करते हैं।"
मुम्बई नगर निगम जिस भूमि की मांग कर रहा है उसपर एक मरियम गुफा के अतिरिक्त कम्पाऊन्ड की दीवार है तथा पुरोहितों का आश्रम है।










All the contents on this site are copyrighted ©.