2012-09-06 18:26:17

पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट और अग्निकांड 38 लोग मारे गये


शिवाकासी तमिलनाडु 6 सितम्बर 2012 (ऊकान) भारत के तमिलनाडु राज्य के शिवाकासी शहर मुदलीपट्टी के एक पटाखा बनानेवाली फैक्ट्री में बुधवार को हुई दुर्घटना में 38 लोग मारे गये तथा 78 लोग घायल हो गये। पुलिस अधीक्षक नजमुल होदा ने कहा कि ओमशिवशक्ति फैक्ट्री के एक स्टोर रूम में विस्फोट होने के बाद आग लगी और तेजी से फैल गयी। दुर्घटना के समय लगभग 300 लोग फैक्ट्री में काम कर रहे थे। दुर्घटना का कारण संभवतः अकुशल मजदूरों द्वारा गलत रासायनों को मिलाने से हुआ। घटना के शिकार हुए या घायल हुए लोगों में वैसे लोग भी शामिल हैं जो फैक्ट्री के अंदर फंसे लोगों की सहायता करने के लिए आये थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जाँच की जा रही है तथा फैक्ट्री के मालिक सहित 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने 18 शवों की शिनाख्त की है लेकिन गंभीर रूप से जलकर विकृत हो गये अधिकांश शवों की पहचान नहीं की जा सकती है। लगभग 30 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हैं वे 80 फीसदी जल गये हैं।
तमिनाडु की राजधानी चेन्नै से 481 किलोमीटर दक्षिण स्थ्ति शिवाकाशी शहर पटाखा उत्पादन का विश्व में दूसरा सबसे बड़ा केन्द्र है। यहां लगभग 750 फैक्ट्रियाँ हैं जो देश में उपयोग में लाये जानेवाले पटाखों का 90 फीसदी उत्पादन करती हैँ. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार ओमशक्ति फैक्टरी का लाईसेंस एक दिन पहले समाप्त हो गया था तथा सुरक्षा संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन करने के कारण यहाँ काम करने की अनुमति नहीं थी लेकिन मालिक ने नियमों का पालन नहीं किया।
जिला राजस्व अधिकारी आर राजू ने कहा कि इंसपेक्टरों ने सोमवार को फैक्ट्री का निरीक्षण किया था तथा मालिक को इसे बंद करने को कहा था जिसका उन्होंने पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि अनेक फैक्टरी मालिक सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते तथा दीवाली के अवसर पर पटाखों की बड़ी माँग को देखते हुए महिलाओं और बच्चों को भी काम पर लगाते हैं। भारत में दीपों का उत्सव दीवाली 13 नवम्बर को मनाया जायेगा।








All the contents on this site are copyrighted ©.