2012-09-03 12:27:26

इस्लामाबादः ईशनिन्दा में ईसाई लड़की को फँसानेवाला इमाम गिरफ्तार


इस्लामाबाद, 03 सितम्बर सन् 2012 (ऊका): पाकिस्तानी अधिकारियों ने, एक नाबालिग ईसाई लड़की को ईश निन्दा आरोप में फँसानेवाले एक इमाम को गिरफ्तार कर लिया है।
इमाम को इस बच्ची के बैग में कथित रूप से कुरान के पन्ने रखने तथा उसे ईशनिंदा का आरोपी करार देने के मामले में पकड़ा गया है। इस्लामाबाद के पास गरीब बस्ती मेहरिया जफर में जामिया इमामिया मस्जिद के इमाम खालिद जादून चिश्ती को बीती रात एक व्यक्ति की गवाही के बाद गिरफ्तार किया गया तथा 14 दिनों की हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारी मुनीर हुसैन जाफ़री ने बताया कि मसीह गाँव के एक व्यक्ति की गवाही के बाद इमाम खालिद जादून चिश्ती को पकड़ा गया। गवाह ने कहा था कि उसने धर्मगुरु को ईसाई लड़की रिमशा मसीह के थैले में कुरान के पन्नों को ठूंसते देखा था। गवाह हाफिज मोहम्मद जुबैर ने मजिस्ट्रेट के सामने इमाम जादून के खिलाफ गवाही दी।
नाबालिग ईसाई लड़की रिमशा मसीह ईश निन्दा कानून के तहत हिरासत में है। वह मानसिक रूप से बीमार भी है। सम्पूर्ण विश्व से उसकी रिहाई हेतु पाकिस्तान सरकार पर दबाव डाला जा रहा है।








All the contents on this site are copyrighted ©.