2012-07-11 12:39:48

वाटिकन सिटीः कार्डिनल सालेस के निधन पर सन्त पापा ने जताया शोक


वाटिकन सिटी, 11 जुलाई सन् 2012 (सेदोक): सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने ब्राज़ील के कार्डिनल एवं रियो दे जानेरियो के महाधर्माध्यक्ष यूजीन दे अराहो सालेस के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
रियो दे जनारो के सेवानिवृत्त महाधर्माध्यक्ष सालेस का 10 जुलाई की रात्रि देहान्त हो गया था। वे 91 वर्ष के थे। 28 अप्रैल सन् 1969 ई. को महाधर्माध्यक्ष सालेस को कार्डिनल पद प्रदान किया गया था। तीस वर्ष तक वे रियो दे जानेरो के महाधर्माध्यक्ष थे तथा 2001 में सेवानिवृत्त हुए थे।
रियो दा जानेरो के वर्तमान महाधर्माध्यक्ष को प्रेषित एक तार सन्देश में सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने कार्डिनल सालेस के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया तथा कलीसिया के प्रति अर्पित उनकी दीर्घकालीन सेवाओं का स्मरण किया।
दिवंगत आत्मा के प्रति भावभीनी श्रद्धान्जलि अर्पित कर सन्त पापा ने उन्हें एक उदार मेषपाल तथा प्रभु ख्रीस्त के सुसमाचार के कर्मठ साक्षी की संज्ञाएँ प्रदान कीं। रियो दे जानेरो के महाधर्माध्यक्ष पद पर रहते कार्डिनल सालेस की तीस वर्षीय प्रेरिताई तथा पुरोहिताभिषेक के लगभग 70 वर्ष का सन्त पापा ने स्मरण किया तथा कहा कि कार्डिनल सालेस ने ये वर्ष लोगों को सत्य, उदारता एवं सेवा का पथ प्रदर्शित करने के लिये व्यतीत किये थे।
ब्राज़ील के कार्डिनल सालेस के निधन के बाद काथलिक कलीसिया में अब कार्डिनलों की संख्या 208 रह गई है इनमें 87 कार्डिनल अस्सी वर्ष का आयु पार कर चुके हैं जो भावी सन्त पापा के चुनाव में मतदान के योग्य नहीं होंगे।








All the contents on this site are copyrighted ©.