2012-07-11 12:41:48

वाटिकन सिटीः आर्थिक स्वार्थ अस्त्र व्यापार सन्धि को अवरुद्ध कर रहे हैं, वाटिकन अधिकारी


वाटिकन सिटी, 11 जुलाई सन् 2012 (सेदोक): जिनिवा स्थित संयुक्त राष्ट्र संघीय कार्यालय में परमधर्मपीठ के स्थायी पर्यवेक्षक महाधर्माध्यक्ष सिलवानो थॉमासी का कहना है कि विश्व को निरस्त्र करने के राजनैतिक संकल्प में निरन्तर बाधाएँ आ रही हैं।
न्यू यॉर्क में इस समय संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा में अस्त्र व्यापार को नियंत्रित करने पर एक समझौते की तैयारी चल रही है किन्तु जिसकी सफलता पर विशेषज्ञों को आशंका है।
मंगलवार को वाटिकन रेडियो से विश्व के निरस्त्रीकरण पर बातचीत में महाधर्माध्यक्ष थॉमासी ने कहा कि कुछेक व्यक्तियों एवं दलों के आर्थिक स्वार्थ के परिणामस्वरूप अस्त्र व्यापार में पारदर्शिता नहीं आ सकी है तथा इसपर सम्पन्न सन्धि को कार्य रूप नहीं दिया जा सका है।
उन्होंने कहा, "अस्त्रों का व्यापार धड़ल्ले से जारी है तथा सैन्य खर्चों में अनवरत वृद्धि हो रही है।" महाधर्माध्यक्ष थॉमासी ने कहा कि इस तथ्य को नज़रअन्दाज़ नहीं किया जा सकता कि इन अस्त्रों से उत्पन्न हिंसा के वार्षिक विश्वव्यापी खर्चे का भार लगभग 400 अरब डॉलर है। इसके अतिरिक्त, अस्त्रों के अनियंत्रित व्यापार के गम्भीर सामाजिक परिणाम होते हैं क्योंकि इनसे हज़ारों लोगों की जानें चली जाती हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.