2012-07-04 10:01:01

श्री लंकाः ख्रीस्तीय मानवाधिकार कार्यकर्त्ता को मिला राष्ट्रीय शांति पुरस्कार


कोलोम्बो, 04 जुलाई सन् 2012 (एशियान्यूज़): श्री लंका की नेशनल पीस काऊन्सल एन.पी.सी. ने शांति एवं मानवाधिकार के क्षेत्र में किये कार्यों के लिये, सन् 2011 का शांति पुरस्कार, ख्रीस्तीय कार्यकर्त्ता निमाल्का फेरनानदो को प्रदान किया है।
कोलोम्बो में 26 जून को पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया जिसके दौरान कहा गया कि शांति के हित में श्रीमती निमाल्का फेरनानदो के समर्पित कार्यों के लिये उन्हें राष्ट्रीय शांति पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा था। पुरस्कार समारोह में अनेक राजनीतिज्ञों, धार्मिक नेताओं, सामाजिक कार्यकर्त्ताओं एवं सरकारी अधिकारियों ने भाग लिया।
पुरस्कार ग्रहण करते समय निमाल्का फ्रनानदो ने कहा, "मैं पूरी ईमानदारी के साथ यह कह सकती हूँ कि मैं उन हज़ारों व्यक्तियों एवं अभियानों में से एक हूँ जो सत्तर के दशक से शांति निर्माण कार्यों में जुटे हुए हैं। उन लोगों में से एक जिन्होंने श्री लंका में न्याय एवं शांति की स्थापना हेतु हर सम्भव प्रयास किया है। यह पुरस्कार मैं उन सभी लोगों को अर्पित करती हूँ।"
उन्होंने कहा कि इस पुरस्कार से श्री लंका में शांति और मानवाधिकार के पक्ष में कार्य करने की लोगों को प्रेरणा मिलेगी।
श्रीमती निमाल्का फेरनानदो कई लोकोपकारी एवं मानवाधिकार संगठनों से जुड़ी हैं तथा उन्होंने ऐलान किया है कि पुरस्कार की राशि वे न्याय एवं शांति की स्थापना हेतु व्यय करेंगी।










All the contents on this site are copyrighted ©.