2012-05-15 17:09:09

धर्माध्यक्ष डा. वर्गिस चक्कालकल कालिकट धर्मप्रांत के नये धर्माध्यक्ष नियुक्त


वाटिकन सिटी 15 मई 2012 (सेदोक) संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने भारत के केरल राज्य में कन्नुर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष डा. वर्गिस चक्कालकल को कालिकट धर्मप्रांत का नया धर्माध्यक्ष तथा कन्नुर धर्मप्रांत का धर्माध्यक्ष पद रिक्त रहने तक उन्हें कन्नुर का प्रेरितिक प्रशासक नियुक्त किया है।

धन्य संत पापा जोन पौल द्वितीय ने उत्तर केरल के 6 राजस्व जिलों में फैले कालिकट धर्मप्रांत के कुछ क्षेत्रों को लेकर 5 नवम्बर 1998 को कन्नुर धर्मप्रांत की रचना की थी और मंगलोर के संत जोसेफ सेमिनरी में प्रोफेसर रहे मान्यवर डा वर्गीस चक्कालकल को कन्नुर का धर्माध्यक्ष नियुक्त किया। वे 7 फरवरी 1999 को धर्माध्यक्ष अभिषिक्त किये गये और उन्होंने 8 फरवरी 1999 को कन्नुर धर्मप्रांत का पदभार ग्रहण किया। इस नये धर्मप्रांत की रचना ऐतिहासिक घटना रही क्योंकि इस क्षेत्र में कलीसिया का इतिहास लगभग 500 वर्ष रहा है।

कालिकट धर्मप्रांत की रचना यद्यपि संत पापा पियुस ग्यारहवें ने 12 जून 1923 को की थी तथापि मालाबार क्षेत्र में काथलिक चर्च की उपस्थिति का इतिहास 500 वर्षों का रहा है। कालिकट शहर उत्तर केरल की राजधानी और सांस्कृतिक केन्द्र है। शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक सेवा और अंतर धार्मिक संवाद के क्षेत्रों में कालिकट धर्मप्रांत का बहुत प्रभाव रहा है।








All the contents on this site are copyrighted ©.