2012-04-10 12:09:10

थायलैण्डः सैकड़ों ने पुरोहित के बिना पास्का पर प्रार्थनाएँ अर्पित कीं


थायलैण्ड, 10 अप्रैल सन् 2012 (ऊका): थायलैण्ड की सीमा पर स्थित एक काथलिक पल्ली के सैकड़ों काथलिकों को, रविवार के दिन, पुरोहित के बिना ही पास्का का समारोह मनाना पड़ा। हाल में सरकार ने पल्ली के आराधनालय को बन्द कर दिया था जिसके चलते आराधनालय के बाहर ही श्रद्धालुओं ने पुरोहित की ग़ैरहाज़िरी में प्रार्थनाएँ अर्पित कीं।

प्रार्थना समारोह की आयोजक, होली क्रॉस कान्वेन्ट की धर्मबहन सि. जोसफीन सूज़ी ने ऊका समाचार को बताया, "लाओस के लगभग 200 काथलिकों ने, चार सशस्त्र सैनिकों की उपस्थिति में, केंगवेंग आराधनालय के बाहर रोज़री विनती का पाठ किया, भक्ति गीत गाये तथा सुसमाचार का पाठ कर पास्का पर्व मनाया।"

उन्होंने कहा, "हमने पुनर्जीवित ख्रीस्त से सरकार के लिये प्रार्थना की ताकि सरकार लोगों को उनका आराधनालय वापस लौटा दे।"

सन् 1964 ई. में काथलिकों द्वारा निर्मित केंगवेंग के आराधनालय को सरकार ने विगत फरवरी माह में बन्द कर दिया था।

सि. सूज़ी ने बताया कि सरकार ने यह कहकर आराधनालय की ज़मीन को जब्त कर लिया है कि काथलिकों के पास ज़मीन के मालिकाना हक का प्रमाण देने के लिये उपयुक्त दस्तावेज़ नहीं थे। अब सरकार इसपर एक स्कूल का निर्माण करना चाहती है।








All the contents on this site are copyrighted ©.