2012-04-05 11:14:47

ईराकः पुण्य सप्ताह के दौरान मुस्लिम-ख्रीस्तीय वार्ता को धर्माध्यक्ष ने दिया प्रोत्साहन


ईराक, किरकूक 05 अप्रैल सन् 2012 (एशिया न्यूज़): ईराक में किरकूक के खलदेई काथलिक महाधर्माध्यक्ष लूईस साको ने पास्का महापर्व की पृष्टभूमि में बुधवार को मुसलमान एवं ख्रीस्तीय नेताओं के बीच वार्ताओं का आयोजन किया। इस वार्ता में धार्मिक एवं राजनैतिक जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

एशिया समाचार को महाधर्माध्यक्ष साको ने बताया कि उक्त वार्ता का उद्देश्य, पास्का महापर्व की पूर्व सन्ध्या, समाज के सभी वर्गों को विचारों के आदान प्रदान को मौका देना था ताकि इस पवित्र महापर्व पर किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके तथा मैत्री का वातावरण निर्मित किया जा सके।

उन्होंने कहा, "दुर्भाग्यवश देश के उत्तरी हिस्से में अल्पसंख्यकों और विशेष रूप से ख्रीस्तीयों पर आक्रमणों का सिलसिला जारी है।" सोमवार को एक चालीस वर्षीय ख्रीस्तीय धर्मानुयायी का अपहरण कर लिया गया तथा मंगलवार को खत्तारा गाँव में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी।

महाधर्माध्यक्ष साको की पहल पर आयोजित उक्त अन्तरधार्मिक वार्ता में कुर्दी, अरब तथा तुर्की राजनीतिज्ञों सहित नगर प्रशासन, पुलिस और सेना के अधिकारी तथा सुन्नी, शिया एवं ख्रीस्तीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

प्रतिनिधियों को सम्बोधित कर महाधर्माध्यक्ष ने कहा कि हिंसा, भय और अस्त्रों से ईराक में स्थायित्व एवं शांति स्थापित नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि आज देश के समक्ष प्रस्तुत चुनौतियों का सामना करने के लिये ईराकी लोगों को मानवीय एवं नैतिक मूल्यों के प्रति अभिमुख होना पड़ेगा।








All the contents on this site are copyrighted ©.