2012-04-04 12:21:09

मुम्बईः गुड फ्रायडे के लिये अगस्त क्राँति मैदान की मिली अनुमति


मुम्बई, 03 अप्रैल सन् 2012 (ऊका): महाराष्ट्र सरकार ने मुम्बई के काथलिकों को गुड फ्रायडे समारोह के लिये अगस्त क्राँति मैदान के उपयोग की अनुमति दे दी है।

मुम्बई के कम्बाला हिल स्थित सेन्ट स्टीवन गिरजाघर विगत 55 वर्षों से अगस्त क्राँति मैदान का उपयोग गुड फ्रायडे समारोह के लिये करता आया है किन्तु इस वर्ष, महाराष्ट्र सरकार ने, गुड फ्रायडे से केवल चार दिन पहले नोटिस दे दिया था कि मैदान का उपयोग धार्मिक समारोह के लिये नहीं किया जा सकता। महाराष्ट्र राज्य के संस्कृति सम्बन्धी विभाग ने 2006 में हाई कोर्ट द्वारा जारी उस आदेश का हवाला दिया था जिसके तहत धार्मिक कार्यक्रमों के लिये मैदान का उपयोग वर्जित कर दिया गया है।

सेन्ट स्टीवन गिरजाघर के पुरोहित फादर एरनेस्ट फरनानडेज़ तथा कई काथलिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चौहान से मुलाकात कर मुद्दे को सुलझाने का प्रयास किया था जिसके बाद मुख्यमंत्री ने गुड फ्रायडे के दिन काथलिकों को मैदान के उपयोग की अनुमति दे दी है।








All the contents on this site are copyrighted ©.