2012-04-03 11:31:23

वाटिकन सिटीः वेसाख पर्व पर विश्व के बौद्ध धर्मानुयायियों के नाम वाटिकन ने भेजा शुभकामना सन्देश


वाटिकन सिटी, 03 अप्रैल सन् 2012 (सेदोक): वाटिकन की अन्तरधार्मिक वार्ता सम्बन्धी परमधर्मपीठीय समिति ने वेसाख पर्व के उपलक्ष्य में विश्व के समस्त बौद्ध धर्मानुयायियों के नाम शुभकामना सन्देश प्रेषित किया है।

सन्देश की प्रकाशना मंगलवार को वाटिकन द्वारा की गई।

सन्देश में अन्तरधार्मिक वार्ता सम्बन्धी परमधर्मपीठीय समिति के अध्यक्ष कार्डिनल जाँ लूई तौराँ ने कहा कि वेसाख पर्व के उपलक्ष्य में बौद्ध धर्म के अनुयायियों के प्रति मंगलकामनाएँ व्यक्त करते वे अत्यधिक प्रसन्न हैं तथा आशा करते हैं कि यह पर्व बौद्ध धर्म के सभी लोगों के लिये आनन्द, शांति एवं खुशहाली का पर्व सिद्ध हो।

इस वर्ष के सन्देश में कार्डिनल महोदय ने विश्व में मैत्री एवं समझदारी को प्रोत्साहित करने के लिये किशोरों एवं युवाओं को प्रशिक्षित करने पर बल दिया है।

उन्होंने लिखा, "आज, सम्पूर्ण विश्व की कक्षाओं में यह अधिकाधिक महत्वपूर्ण हो गया है कि विभिन्न धर्मों एवं विश्वासों के विद्यार्थी एक साथ मिलकर बैठें। यह विविधता चुनौतियों को जन्म देती है तथा युवाओं में, अन्यों के धार्मिक विश्वास एवं रीति रिवाज़ों के प्रति सम्मान एवं समझदारी उत्पन्न करने की आवश्यकता पर चिन्तन का आग्रह करती है।" उन्होंने कहा कि यह नितान्त आवश्यक है कि "युवा अपने ज्ञान का विकास करें, ज़िम्मेदार मानव प्राणियों के सदृश आगे बढ़ें तथा संघर्षों के समाधान एवं मैत्री, न्याय, शांति तथा यथार्थ मानवोत्थान को प्रोत्साहित करने के लिये अन्य धर्मों के साथ एकजुट होने के लिये तैयार रहें।"









All the contents on this site are copyrighted ©.