2012-03-26 16:37:44

प्रकाश की माता मरिया को समर्पित महागिरजाघर में संत पापा का प्रवचन


लेओन 26 मार्च 2012 (सेदोक) संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने लियोन स्थित प्रकाश की माता मरिया को समर्पित महागिरजाघर में 25 मार्च की संध्या पहर में आयोजित संध्या वंदना प्रार्थना के समय उपस्थित मेक्सिको और लातिनी अमरीकी क्षेत्र के धर्माध्यक्षों, धर्मसमाजियों और लोकधर्मियों को सम्बोधित करते हुए कहा-

मुझे महान खुशी है कि मैं लियोन के इस महागिरजाघर में जो प्रकाश की माता मरियम को समर्पित है आपके साथ प्रार्थना कर रहा हूँ। इस महागिरजाघर में सुंदर पेंटिंग है जिसमें धन्य कुँवारी अपने पुत्र को एक हाथ से बहुत कोमलतापूर्वक संभालती है तो दूसरे हाथ को पापियों की ओर बढ़ाती है। हर युग में कलीसिया मरियम को इसी रूप में देखती है। हम उनकी प्रशंसा करते हैं कि उन्होंने मुक्तिदाता को हमें दिया और हम अपना भरोसा उन पर रखते हैं जिन्हें दिव्य पुत्र ने क्रूस पर से हम सबको दिया। इसी कारण से हम मरियम को बहुधा हमारी आशा कहकर पुकारते हैं जिन्होंने हमें येसु को तथा मानवजाति के लिए ईश्वर द्वारा निरंतर किये जा रहे महान कार्यों को दिखाया।

इस महाद्वीप के जीवन, रीति रिवाजों और इतिहास पर काथलिक विश्वास का सार्थक प्रभाव रहा है, अनेक देश अपनी आजादी की दो सौंवी वर्षगाँठ का समारोह मना रहे हैं। ऐतिहासिक अवधि में ख्रीस्त का नाम आलोकित होना जारी रहा है। यह नाम आत्मबलिदानी मिशनरियों के साहस और विवेकपूर्ण घोर परिश्रम का फल रहा है। उन्होंने ख्रीस्त के लिए अपना सर्वस्व दे दिया ताकि उन्में सब नर नारी अपने अस्तित्व के सत्य का साक्षात्कार करें और शक्ति पायें ताकि सृष्टिकर्ता की इच्छा के अनुरूप जीवन जीयें एवं यथार्थ मानवीय समाज की रचना करें। विश्वास के वर्ष के लिए नियोजित योजनाएँ लोगों को ख्रीस्त की ओर निर्देशित करें तथा उनकी कृपा पाप और बुराई के बंधन से मुक्त होने के लिए सक्षम बनाये।

प्रिय धर्माध्यक्ष बंधुओ, सामयिक चुनौतियों और कठिनाईयो और पीड़ाओं के बावजूद विश्वास को गहरा बनाने के अपने मिशन को जारी रखें। पुरोहितों के समीप रहें तथा उन्हें सहायता, प्रोत्साहन, समझदारी और मार्गदर्शन दें और लोकधर्मियों तथा विश्वासियों के प्रति विशेष ध्यान दें जो धर्मशिक्षा, समाज सेवा तथा परोपकार की गतिविधियों में शामिल हैं। कलीसिया बहुधा येसु के दुःखभोग में संयुक्त है वह सम्पूर्ण महाद्वीप में आशा के बीज बनना जारी रहे। मसीही विश्वास में निरंतरता का संदेश मेक्सिको की जनता को मिलता रहे। मेषपालों, पुरोहितों, धर्मसमाजियों और लोकधर्मी विश्वासियों के मध्य सामुदायिकता की भावना सुनिश्चित करें एवं अनुत्पादक विभाजनों, आलोचनाओं और अविश्वास से बचा जाये।

ईश माता जिन्हें प्रकाश की माता मरियम कहकर स्मरण किया जाता है वे हमारे संसार से अंधकार को दूर कर हमारे पथ को आलोकित करें ताकि संघर्षों के मध्य भी लातिनी अमरीका के लोगों के विश्वास को सर्वशक्तिमान ईश्वर पर सुदृढ़ कर सकें जो हर व्यक्ति को प्यार करते हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.