2012-03-15 16:26:05

कब्रों को क्षतिग्रस्त करनेवाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन


गोआ 15 मार्च 2012 (ऊकान) भारत में गोआ के मुख्य मंत्री मनोहर पाणिकर ने कहा कि एक सौ से अधिक कब्रों को क्षतिग्रस्त करने का काम संभवतः उन लोगों का है जो हाल के विधानसभा चुनाव परिणाम से खुश नहीं हैं। उन्होंने ईसाई और मुसलमान समुदाय को आश्वासन दिया कि हमलावरों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने लाया जायेगा।

मुख्यमंत्री महोदय ने कहा कि 10 मार्च को हुई उक्त असामाजिक घटना ऐसे क्षेत्र में हुई है जहाँ भारतीय जनता पार्टी के ईसाई उम्मीदवारों ने विगत सप्ताह विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि हमलों का उद्देश्य उनकी सरकार को बदनाम करना है। वे बताना चाहते हैं कि इस घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गोआ की राजधानी पणजी से 50 किलोमीटर दक्षिण स्थित कुरचोरेम में गाजिंयन एंजेल चर्च कब्रिस्तान में 45 कब्रों और क्रूस प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। असामाजिक तत्वों ने कुरचोरम स्थित मुसलमान कब्रिस्तान में भी 67 कब्रों को निशाना बनाया। मुख्यमंत्री पाणिकर ने कहा कि पुलिस को निर्देश दिया गया है कि हमले में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सब संसाधन का उपयोग करें। क्षेत्र में स्थित धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किये गये हैं। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू करने पर विचार करेंगे ताकि दोषियों को हमेशा के लिए सलाखों के पीछे कैद किया जा सके।

गोआ महाधर्मप्रांत ने असमाजिक तत्वों के हमले से कुद्ध ईसाई और मुसलमान समुदाय से संयम बरतने का आग्रह किया है। एक वक्तव्य में कहा गया है कि लोगों के अंतिम विश्राम स्थान का महत्व आराधनालयों और प्रार्थनालयों के बाद आता है अतः उनके प्रति गहन सम्मान और श्रद्धा की भावना रखी जाये।

गोआ मुसलिम फोरम के अकबर अली ने कहा कि वे नहीं जानते कि इन हमलों के पीछे किनका हाथ है, पुलिस जाँच पड़ताल कर रही है और वे उनकी खोज का परिणाम जानने के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.