2012-02-29 12:14:05

वाटिकन सिटीः वियतनाम के साथ सम्बन्धों में सुधार जारी, वाटिकन


वाटिकन सिटी, 29 फरवरी सन् 2012 (सेदोक): वाटिकन तथा साम्यवादी देश वियतनाम के बीच सम्बन्धों में सुधार जारी है।

वियतनाम के हनोई में 27 तथा 28 फरवरी को सम्पन्न वाटिकन तथा वियतनामी सरकार के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक के बाद जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि दोनों देशों के बीच सम्बन्धों को मधुर बनाने के प्रयास जारी हैं। वाटिकन की ओर से सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें के विशेष दूत वाटिकन विदेश उपसचिव महाधर्माध्यक्ष एत्तोरे बालेस्त्रेरो तथा वियतनाम की ओर से उप विदेश मंत्री श्री बुई थान सोन ने प्रतिनिधिमण्डलों की अध्यक्षता की।

विज्ञप्ति में कहा गया कि वियतनाम राज्य ने सदैव अपने लोगों के धार्मिक विश्वास की स्वतंत्रता का सम्मान किया है तथा वियतनाम की काथलिक कलीसिया को भी प्रोत्साहन दिया है कि वह देश के निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान प्रदान करे।

अपनी ओर से वाटिकन ने वियतनामी अधिकारियों द्वारा वियतनामी काथलिक कलीसिया की गतिविधियों के प्रति दर्शाई अभिरुचि की सराहना की। विशेष रूप से, सन् 2010 में काथलिक कलीसिया की जयन्ती के उपलक्ष्य में मिले समर्थन तथा सन्त पापा के दूत महाधर्माध्यक्ष लियोपोल्दो जिर्रेल्ली की प्रेरितिक यात्रा के अवसर दी गई मदद के लिये आभार व्यक्त किया गया। दोनों पक्षों ने सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें की शिक्षाओं का स्मरण किया जिसमें सन्त पापा ने कहा है कि हर व्यक्ति को एक सच्चा काथलिक और सच्चा नागरिक होना चाहिये।

विज्ञप्ति में कहा गया कि 27-28 फरवरी की वाटिकन-वियतनाम संयुक्त वार्ता मैत्रीपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई जिसमें दोनों पक्षों ने आपसी सम्मान की भावना में रचनात्मक वार्ताओं द्वारा सम्बन्धों में सुधारों को जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

वियतनाम की साम्यवादी सरकार धर्मपालन की स्वतंत्रता प्रदान करती है किन्तु हर धार्मिक गतिविधि पर सरकार का कड़ा नियंत्रण रहता है।











All the contents on this site are copyrighted ©.