2012-02-23 16:40:36

मान्यवर थोमस डिसूजा कोलकाता के नये महाधर्माध्यक्ष नियुक्त


वाटिकन सिटी 23 फरवरी 2012 (सेदोक) संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने कोलकाता महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष लुकस सिरकार का त्यागपत्र 23 फरवरी को स्वीकार कर लिया। उन्होंने कलीसियाई विधान की धारा 401 की उपधारा 1 के तहत सेवानिवृति के लिए 75 वर्ष की आयु पूरी होने पर महाधर्माध्यक्ष सिरकार का त्यागपत्र स्वीकार कर उनके स्थान में कोलकाता के सहयोगी धर्माध्यक्ष रहे मान्यवर थोमस डिसूजा कोलकाता महाधर्मप्रांत को नया महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किया है।
26 अगस्त 1950 को मंगलोर धर्मप्रांत के अयापद्दी में जन्मे 61 वर्षीय मान्यवर थोमस डिसूजा कर्नाटक राज्य के हैं। वे 1966 में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग धर्मप्रांत में मिशनरी काम में सहयोग करने के लिए आये और 1977 में पुरोहित अभिषिक्त हुए। उन्होंने 1994 में दार्जिलिंग के धर्माध्यक्ष एरिक बेंजामिन का निधन हो जाने से सन 1997 तक धर्मप्रांतीय प्रशासक के रूप में काम किया। इसके बाद वे नये बागडोगरा धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये तथा जनवरी 1998 में धर्माध्यक्ष अभिषिक्त हुए. पिछले साल 12 मार्च को संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने उन्हें कोलकाता का सहयोगी धर्माध्यक्ष नियुक्त किया। महाधर्माध्यक्ष लुकस सिरकार जो पहले कृषनगर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष थे वे सन 2002 को कोलकाता के महाधर्माध्यक्ष के पद पर स्थानांतरित किये गये थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.