2012-02-03 16:24:58

विश्वास का वर्ष, धर्मसमाजियों के लिए विश्वास का साक्ष्य देने तथा सुसमाचार प्रचार का विशेष अवसर


वाटिकन सिटी 3 फरवरी 2012 (एशिया न्यूज) काथलिक कलीसिया ने 2 फरवरी को प्रभु येसु के मंदिर में अर्पण का पर्व मनाया। 16 वें विश्व समर्पित जीवन दिवस के उपलक्ष्य में संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने संत पेत्रुस बासिलिका में 2 फरवरी की संध्या पहर में आयोजित संध्यावंदना प्रार्थना के समय उपस्थित हजारों मठवासियों और धर्मसमाजियों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि " विश्वास का वर्ष " धर्मसमाजियों के लिए विशेष अवसर होगा कि वे अपने संबंध को ईश्वर के साथ और गहरा बनायें तथा उत्साह के साथ नवीन सुसमाचार प्रचार कार्य में शामिल हो जायें।
प्रभु येसु के मंदिर में अर्पण दिवस पर याद किया जाता है कि मरियम और जोसेफ अपने पहलौठे के शुद्धीकरण और ईश्वर को अर्पण करने के लिए येरूसालेम के मंदिर गये जहाँ वृद्ध सिमेयोन तथा नबी अन्ना दिव्य प्रेरणा से आये तथा इस बालक में मसीह को पहचाना।
संत पापा ने कहा कि सुसमाचार की यह कथा उनलोगों के जीवन रूपी उपहार का सार्थक प्रतीक है कि वे कलीसिया और संसार में, सुसमाचारी मूल्यों द्वारा शुद्ध, निर्धन और आज्ञाकारी येसु की चारित्रिक विशेषता को प्रस्तुत करें। इसलिए इस पर्व में हम अर्पण के रहस्य का समारोह मनाते हैं, येसु का अर्पण, मरियम का अर्पण तथा उन सबलोगों का अर्पण जो प्रेम के कारण ईश्वर के राज्य के लिए येसु का अनुसरण करते हैं। संत पापा ने कहा कि आज पूरे समुदाय की प्रार्थना प्रत्येक समर्पित व्यक्ति के लिए अर्पित है। हम पिता ईश्वर को सब अच्छाईयों और बुलाहट रूपी उपहार के लिए धन्यवाद देते हुए फिर से इसी उपहार के लिए विश्वासपूर्वक प्रार्थना करते हैं।
संत पापा ने कहा कि अक्तूबर माह में आरम्भ होनेवाला विश्वास का वर्ष सब विश्वासियों के लिए, विशेष रूप से धर्मसमाजी और समर्पित जीवन जीनेवाले सदस्यों के लिए आंतरिक नवीनीकरण का उपयुक्त समय हो जिसकी हम सदैव जरूरत महसूस करते हैं। विश्वास के वर्ष में, जिन लोगों ने सुसमाचारी मूल्यों के द्वारा येसु का निकटता से अनुसरण करने की पुकार को स्वीकार किया है वे विश्वास, भरोसा और उदारता में मजबूत हों जो हमें ईश्वर से संयुक्त करते हैं। ईश्वर के साथ गहरा बंधन धर्मसमाजी जीवन की गुणवत्ता को परिभाषित करता है, वे नवीन सुसमाचार प्रचार के लिए उत्साहपूर्वक स्वयं को समर्पित करें।








All the contents on this site are copyrighted ©.