2012-01-24 12:49:37

औरंगाबादः राष्ट्रीय गान शताब्दी समारोह में विश्व रिकार्ड कायम करने का प्रयास


औरंगाबाद, 24 जनवरी सन् 2012 (कैथन्यूज़): औरंगाबाद में, 25 जनवरी को, राष्ट्रीय गान की शताब्दी के उपलक्ष्य में, बॉलीवुड के पार्श्व गायक रूपकुमार और सोनाली राठौड़, सैकड़ों गणमान्य व्यक्तियों एवं हज़ारों लोगों के साथ मिलकर राष्ट्रीय गान के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट कर विश्व रिकार्ड कायम करने का प्रयास करेंगे।

महात्मा गांधी के पोते, तुषार गांधी भी इस समारोह में उपस्थित होंगे तथा किसी देश में, एकसाथ इतने अधिक लोगों द्वारा राष्ट्रीय गान के गाये जाने के लिये गिनीज़ विश्व रिकार्ड बनाने का प्रयास करेंगे।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर अनेक गणमान्य नेताओं द्वारा आवाज़ दिये जाने की भी सम्भावना है।

औरंगाबाद के लोकमत मीडिया द्वारा समर्थित इस घटना में गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से एक स्वतंत्र अधिनिर्णायक उपस्थित होगा।

रूपकुमार राठौड़ ने कहा, "इतनी विशाल संख्या में जन गण मन एक साथ गाना राष्ट्रीय गान के एक सौ साल मनाने का सर्वोत्तम तरीका है।" उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय गान के रचयिता गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर के प्रति भी हमारी श्रद्धांजलि है।"

27 दिसम्बर सन् 2011 को, जन गण मन ने 100 वर्ष पूरे किये। सन् 1911 ई. में यह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा कलकत्ता अधिवेशन में पहली बार गाया गया था।

24 जनवरी, 1950 को यह गीत संवैधानिक सभा द्वारा भारतीय राष्ट्रीय गान घोषित कर दिया गया था।









All the contents on this site are copyrighted ©.