नई दिल्ली: उत्तर भारत में शीत लहर से मरनेवालों की संख्या हुई 140
नई दिल्ली, 09 जनवरी सन् 2012 (आन्सा): उत्तर भारत में विगत दिनों से जारी शीत लहर के
कारण कम से कम 140 व्यक्तियों की मौत हो गई है। पहाड़ी इलाकों में हिमपात तथा काश्मीर
की घाटी में शून्य से नीचे तापमान के चले जाने से रविवार को दो और लोगों की मौत हो गई।
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार कश्मीर घाटी में ठंड का प्रकोप लगातार बना
हुआ है। हिमाचल प्रदेश में भी पूरे दिन रूक-रूक कर हिमपात होने के कारण मौसम बहुत
ठंडा रहा। शिमला और मनाली में क्रमश: 20 सेंटीमीटर और 40 सेंटीमीटर हिमपात हुआ है जबकि
रोहतांग दर्रा बर्फ की 170 सेंटीमीटर मोटी चादर से ढका हुआ है।
मौसम विभाग के
अनुसार हिमाचल प्रदेश की सीमा से लगे पंजाब में भी हिमपात हुआ। अमृतसर में न्यूनतम तापमान
दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तथा लुधियाना और पटियाला में भी तापमान काफी कम रहा।
हरियाणा
में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस और करनाल का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस
दर्ज किया गया।
दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 18 डिग्री
सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया
गया।
शीत लहर का कहर सहने वालों में सबसे अधिक झोपड़ियों एवं सड़कों पर जीवन यापन
करनेवाले आप्रवासी, वृद्ध एवं बेघर लोग हैं।