2011-12-21 12:31:40

रोमः एफ.ए.ओ. ने दी बर्ड फ्लू ख़तरों की चेतावनी


रोम, 21 दिसम्बर सन् 2011 (बीबीसी): रोम स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ के खाद्य और कृषि संगठन एफ.ए.ओ. ने चेतावनी दी है कि एशियाई देशों में बर्ड फ़्लू का विस्तार ख़तरनाक स्तर पर पहुँच चुका है।

एफ.ए.ओ. के विशेषज्ञों का कहना है कि इस वर्ष चीन और वियतनाम में बर्ड फ़्लू रोग का नया वायरस सामने आया है जिसपर बर्ड फ्लू टीकों का भी कोई असर नहीं होता है।

एफ़.ए.ओ. का कहना है कि वियतनाम में बर्ड फ़्लू के फ़ैलने से कंबोडिया, थाईलैंड और मलेशिया को सीधा ख़तरा है तथा कोरियाई प्रायद्वीप और जापान भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। इस वर्ष बर्ड फ़्लू से कंबोडिया में आठ व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है।

बर्ड फ़्लू का एच-5-एन-1 वायरस पहली बार वर्ष 2003 में सामने आया था। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार बर्ड फ्लू से अब तक विश्व में 331 लोग मृत्यु के शिकार हुए हैं। इसके अतिरिक्त इस महामारी को फैलने से रोकने के लिये सन् 2003 से 2006 तक समस्त विश्व में कम से कम 40 करोड़ पशु पक्षियों को मार दिया गया था जिससे लगभग 20 अरब डॉलर का नुकसान हुआ।









All the contents on this site are copyrighted ©.