2011-12-21 12:29:53

फिलीपिन्सः सरकार ने कहा वाशी तूफान राष्ट्रीय आपदा


फिलीपिन्स, 21 दिसम्बर सन् 2011 (रायटर): फिलीपिन्स के राष्ट्रपति बेनिनो आक्वीनो ने, मंगलवार को वाशी तूफान को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया। शनिवार को मिनदनाओं प्रान्त में आये तूफान के बाद भूस्खलन, बाढ़ एवं प्रचण्ड वायु में कम से कम 1000 लोगों की मृत्यु हो गई है तथा 43 हज़ार व्यक्ति बेघर एवं विस्थापित हो गये हैं। मिनदनाओ के कागायान दे ओरो तथा ईलीगान शहर सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।

इस बीच, फिलीपीन्स के राष्ट्रपति आक्वीनो ने इन दोनों शहरों के अधिकारियों से मुलाकात कर जाँच का भी आदेश दिया है। अधिकारियों पर आरोप लगाये जा रहे हैं कि उन्होंने नदी के किनारे निर्णाम कार्यों की अनुमति दी जिसके परिणामस्वरूप भूस्खलन और बाढ़ आई तथा सैकड़ों घर, शनिवार बड़े सबेरे, जलमग्न हो गये या कीचड़ में धस गये जिससे कारण अनेक लोगों की मृत्यु हो गई।

आक्वीनो ने कहा कि यह पता लगाना आवश्यक कि क्या अधिकारियों द्वारा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया गया था? या उनकी ओर से लापरवाही बरती गई थी?

फिलीपिन्स की राष्ट्रीय आपदा एजेंसी के अनुसार 13 प्रान्तों के 338,000 से अधिक लोग इस प्रकृतिक आपदा से प्रभावित हुए हैं जिनमें 43,000 लोगों को स्कूलों एवं गिरजाघरों में शरण दी जा रही है। भीषण आँधी में 10,000 अधिक घर ध्वस्त हो गये हैं। अनेक स्कूलों, मार्गों एवं पुलों को भी भारी क्षति पहुँची है। लगभग साढ़े तीन लाख डॉलर के अनुपात में फसलें भी नष्ट हो गई हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.