2011-12-16 16:49:27

यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के लिए संत पापा का संदेश


वाटिकन सिटी 16 दिसम्बर 2011 (सेदोक) वाटिकन में संत पेत्रुस बासिलिका के प्रांगण में प्रतिवर्ष क्रिसमस के अवसर पर यूरोप के किसी देश द्वारा विशाल चीड या देवदार वृक्ष उपहार के रूप में दिया जाता है जिसे प्रांगण के मध्य स्थित स्तंभ के बगल में स्थापित कर क्रिसमस ट्री बनाया जाता है। इस वर्ष का क्रिसमस ट्री यूक्रेन की ओर से दिया गया है। यूक्रेन से आये धार्मिक और नागरिक अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को संत पापा ने शुक्रवार को सम्बोधित कर क्रिसमस ट्री के रूप में दिये उपहार के लिए सब यूक्रेन वासियों को धन्यवाद दिया।
संत पापा ने कहा कि क्रिसमस का सार्थक प्रतीक देवदार वृक्ष की हरियाली जीवन की निरंतरता को दर्शाती तथा आपकी भूमि और संस्कृति में विद्यमान ख्रीस्तीय भक्ति भावना की जड़ों को व्यक्त करती है। उनकी आशा है कि ये जड़ें राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा दें तथा यथार्थ साझा मूल्यों का प्रसार करने के लिए प्रोत्साहन दें.।
संत पापा ने कहा कि सदियों से यूक्रेन विभिन्न संस्कृतियों का मिलन स्थल रहा है जहाँ पूर्व और पाश्चात्य जगत की आध्यात्मिक समृद्धि का मिलन होता रहा है। इस वर्ष क्रिसमस के अवसर पर वाटिकन स्थित प्रेरितिक प्रासाद में लगाये गये साज श्रृंगार यूक्रेन के पारम्परिक परिधान, संगीत और स्थानीय उत्पादों के बारे में लोगों को जानकारी प्रदान करेंगे।
संत पापा ने अधिकारियों से कहा कि रोम की उनकी तीर्थयात्रा यूक्रेन के मसीही समुदाय के लिए विश्वास के आनन्द को जीने तथा इसका साक्ष्य देने की इच्छा को नवीकृत करे एवं जीवन, सह्दयता, शांति जैसे मूल्यों का प्रसार करे जो येसु का जन्म प्रतिवर्ष हमारे मध्य लाता है। संत पापा ने कहा कि आगमन काल में कलीसिया हमें मुक्तिदाता मसीह के जन्म की तैयारी करने के लिए आत्मिक यात्रा पर बल देते हुए ख्रीस्त के साथ संबंध को गहन बनाने का आह्वान करती है। हमारे युग में ख्रीस्तीय संतों की जरूरत है जो अपने विश्वास के बारे में उत्साहित हैं। कुँवारी माता मरिया हमारी आदर्श और मार्गदर्शिका हैं ताकि ईश्वर की इच्छा को समझ सकें । क्रिसमस ट्री और चरनी, क्रिसमस माहौल के विशिष्ट तत्व हैं। हमारे समुदाय की धार्मिक विरासत के हैं जो धार्मिकता और पारिवारिक मूल्यों से पूर्ण हैं।
संत पापा ने यूक्रेन से आये धार्मिक और नागरिक अधिकारियों तथा प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों सहित क्रिसमस ट्री को वाटिकन तक पहुँचाने के कार्य से संलग्न तथा समस्त देशवासियों को उनके उदार उपहार के लिए धन्यवाद देते हुए क्रिसमस पर्व की शुभकामनाएं दी और अपना प्रेरितिक आशीर्वाद प्रदान किया।








All the contents on this site are copyrighted ©.