2011-11-23 16:15:36

स्वर्गीय धर्मबहन वाल्सा जोन की स्मृति में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन


कोलकाता 23 नवम्बर 2011 (काथलिक न्यूज) कोलकाता में स्वर्गीय धर्मबहन वाल्सा जोन की स्मृति में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन सोमवार को किया गया। प्रार्थना सभा में ईसाईयों सहित हिन्दु, मुसलमान और सिक्ख समुदाय के प्रतिभागी भी शामिल हुए। पवित्र धर्मग्रंथों से पाठ तथा भजनों के गायन सहित धार्मिक नेताओं ने न्याय और शांति के लिए प्रार्थनाएँ कीं। विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने धर्मबहन की तस्वीर के सामने दीप जलाया।
कोलकाता के सहायक धर्माध्यक्ष थोमस डिसूजा ने प्रार्थना सभा का नेतृत्व किया तथा मृत धर्मबहन को श्रद्धांजलि अर्पित किया। उन्होंने उन सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रार्थना अर्पित किया जो नृशंस हिंसा के शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा कि सिस्टर वाल्सा जोन जिन्होंने 10 से भी अधिक वर्षों तक संथाल जनजाति समुदाय के लोगों की सेवा की उनकी नृशंस हत्या निन्दनीय है। जीवन पवित्र है तथा इसे लेने का अधिकार किसी को नहीं है।
53 वर्षीय धर्मबहन वाल्सा सिस्टर ओफ चारिटी ओफ जीसस एंड मेरी धर्मसमाज की थीं, झारखंड के पाकुड़ जिलान्तर्गत पचुवाड़ा गाँव में उनके निवास के समीप 15 नवम्बर को उनकी क्रूर हत्या कर दी गयी।
स्वर्गीय धर्मबहन वाल्सा की स्मृति में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के इंटर फेथ फोरम तथा कांफ्रेंस ओफ रेलिजियस इंडिया के तत्वाधान में किया गया था।








All the contents on this site are copyrighted ©.