2011-10-20 12:21:21

वाटिकन सिटीः दीपावली महोत्सव पर वाटिकन ने हिन्दुओं के प्रति शुभकामनाएं प्रकट कीं


वाटिकन सिटी, 20 अक्टूबर सन् 2011 (सेदोक): दीपावली महोत्सव के उपलक्ष्य ने वाटिकन ने सम्पूर्ण विश्व के हिन्दू धर्मानुयायियों के नाम एक विशेष सन्देश जारी कर सुख समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामनाएँ अर्पित की हैं।

वाटिकन स्थित अन्तरधार्मिक वार्ता सम्बन्धी परमधर्मपीठीय परिषद ने गुरुवार को एक सन्देश प्रकाशित कर लिखा, "इस वर्ष, 26 अक्टूबर को मनाये जा रहे दीपावली महोत्सव के उपलक्ष्य में, आपको शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए, हम, अत्यधिक हर्षित है। प्रकाश के स्रोत, प्रभु ईश्वर, शांति और समृद्धि सम्पन्न जीवन हेतु, आपके हृदयों, घरों एवं समुदायों को आलोकित करें।"

वाटिकन द्वारा प्रकाशित सन्देश में धार्मिक स्वतंत्रता विषय पर विशेष बल दिया गया तथा सभी धर्मों के सम्मान का आग्रह किया गया। इस सन्दर्भ में कहा गया, "विश्व के कई क्षेत्रों में धर्म के नाम पर हो रहे झगड़ों का समाधान केवल धार्मिक स्वतंत्रता से मिल सकता है। इन झगड़ों से भड़कनेवाली हिंसा के बीच, अनेक लोग शांतिपूर्ण सहअस्तित्व तथा मानव के सर्वांगीण विकास के लिये लालायित रहते हैं।"

इस बात का स्मरण दिलाया गया कि धार्मिक स्वतंत्रता मूलभूत मानवाधिकारों का अभिन्न अंग है इसलिये प्रत्येक मनुष्य का अधिकार है कि वह स्वतंत्रतापूर्वक अपने विश्वास का पालन एवं प्रचार करे। यह भी याद दिलाया गया कि धार्मिक स्वतंत्रता धर्म परिवर्तन करने की भी छूट देती है।

सन्देश में कहा गया, "जब धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान किया जाता तब यह विश्वासियों को, न्याय एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित, सामाजिक व्यवस्था के निर्माण में अपने देशवासियों के साथ सहयोग करने हेतु, और अधिक, उत्साह प्रदान करती है। किन्तु, जहाँ कहीं भी और जब भी उसका उल्लंघन, दमन या अतिक्रमण होता है तब, सम्पूर्ण मानव परिवार का विकास एवं स्थाई शांति का दम घुटता तथा वह कुण्ठित हो जाती है।"

दीपावली के महोत्सव पर सभी हिन्दू भाई बहनों के प्रति हार्दिक शुभकामना व्यक्त करते हुए वाटिकन ने आशा व्यक्त की है कि सभी धर्मों के अनुयायी न्याय एवं शांति पर आधारित विश्व समाज के निर्माण में योगदान देने के लिये तत्पर रहेंगे।









All the contents on this site are copyrighted ©.