2011-10-05 09:51:12

भूबनेश्वरः काथलिक कलीसिया ने 19 श्री लंकाई मछुओं की रिहाई में की मदद


भूबनेश्वर, 05 अक्टूबर सन् 2011 (एशिया न्यूज़): उड़ीसा की काथलिक कलीसिया ने श्री लंका के 19 मछुओं की रिहाई में मदद की है। हिन्द महासागर में क्षेत्रीय जल की सीमाओं का उल्लंघन करने के आरोप में विगत दो माहों से श्री लंका के 24 मछुओं को उड़ीसा के कारावासों में रखा जा रहा था।

कटक-भूबनेश्वर महाधर्मप्रान्त की न्याय, शांति एवं विकास समिति ने मछुओं की रिहाई हेतु मध्यस्थता की। पहली अक्टूबर को समिति के महासचिव काथलिक पुरोहित फादर दिबाकर पारिच्छा ने पहल कर अधिकारियों से बातचीत की तथा जगतसिंहपुर जेल में क़ैद दस मछुओं को रिहा कराया। इसी प्रकार तीन अक्टूबर को अन्य नौ मछुओं को रिहा किया गया जिनमें पाँच ख्रीस्तीय धर्मानुयायी हैं। सभी आधिकारिक औपचारिकताएँ पूर्ण होने तक श्री लंका के मछुए फादर पारिच्छा के निवास में शरण ले रहे हैं।

कटक-भूबनेश्वर के महाधर्माध्यक्ष जॉन बरवा ने मछुओं की रिहाई पर सन्तोष व्यक्त किया है। मछुओं से मुलाकात के बाद उन्होंने उनसे कहा, "हम आपकी व्यथा को समझते हैं जिसे आप लोगों ने विगत माहों में महसूस किया। आपकी रिहाई पर हम सब हर्षित हैं।" उन्होंने मंगलकामना की कि सभी मछुए सुरक्षित अपने घरों को लौटे तथा भविष्य को आशा की दृष्टि से देखें।

फादर पारिच्छा ने बताया कि वे शेष मछुओं की रिहाई के लिये भी प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि सितम्बर माह में उन्होंने श्री लंका की यात्रा कर मछुओं के परिवारों से मुलाकात की थी तथा उन्हें आश्वासन दिया था कि वे उड़ीसा के कारावासों में बन्द श्रीलंकाई मछुओं की रिहाई हेतु प्रयास करेंगे।









All the contents on this site are copyrighted ©.