2011-09-12 20:16:56

जेम्स थोप्पील कोहिमा के नये धर्माध्यक्ष


कोहिमा, 12 सितंबर, 2011( कैथन्यूज़) भारत में वाटिकन के राजदूत महाधर्माध्यक्ष साल्वातोरे पेन्नाक्कियो ने 8 सितंबर वृहस्पतिवार को माता मरिया के जन्म दिवस के दिन कोहिमा के महागिरजाघर में हज़ारों विश्वासियों के समक्ष नये धर्माध्यक्ष जेम्स थोप्पील का धर्माध्यक्षीय अभिषेक सम्पन्न किया।
कोहिमा में आयोजित इस समारोह में राजदूत के अलावा गुवाहाटी के महाधर्माध्यक्ष थोमस मेनामपरामपिल और इम्फाल के महाधर्माध्यक्ष दोमिनिनक लुमान शामिल थे। इस धर्माध्यक्षीय अभिषेक समारोह में उत्तर-पूर्व राज्यों के 15 धर्मप्रांत के लोगों ने हिस्सा लिया।
नागालैंड के मुख्यमंत्री नेइफुई रियो ने नये धर्माध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा, " उनकी सरकार धर्माध्यक्ष को उनके कार्यों में उनकी मदद करेगी।"
रियो ने इस बात को स्वीकार किया कि काथलिक समुदाय ने दूर-दराज़ के इलाक़ों में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्यों में अद्वितीय सेवा प्रदान की है।
उन्होंने कामना की कि काथलिक समुदाय नये धर्माध्यक्ष की अगवाई में कमजोर तथा कम सुविधाप्राप्त लोगों के बीच अपनी सेवाओं का विस्तार कर पायेंगे।
कैथोलिक एसोसिएशन ऑफ नागालैंड के अनुसार यह एक ऐसा शुभ अवसर था जिसने काथलिक कलीसिया को ‘राहत’ दी क्योंकि करीब 2 सालों से कोहिमा के लिये धर्माध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो पायी थी।
ज्ञात हो कि सन् 2009 में धर्माध्यक्ष जोस मुकाला के त्यागपत्र देने के बाद कोहिमा में धर्माध्यक्ष का पद रिक्त था। नवस्थापित धर्माध्यक्ष थोप्पील कोहिमा के तीसरे धर्माध्यक्ष हैं।
पूर्व धर्माध्यक्षों अब्राहम अलंगीमत्ताथिल और धर्माध्यक्ष जोस मुकाल की सराहना के साथ धर्माध्यक्ष थोप्पील ने कहा, " राज्य और कलीसिया दो अलग-अलग संगठन हैं पर दोनों का लक्ष्य हैं - लोगों की सेवा करना और हमें उनका साथ इस तरह से देना है कि लोगों का भविष्य उज्ज्वल हो सके।"










All the contents on this site are copyrighted ©.