2011-09-07 13:07:07

सिखुआनः उत्तेजित भीड़ ने धर्मबहन, पुरोहित पर किया हमला


सिखुआन, 7 सितम्बर सन् 2011 (कैथन्यूज़): चीन के सिखुआन प्रान्त में उत्तेजित भीड़ ने एक काथलिक धर्मबहन तथा एक पुरोहित की बुरी तरह पिटाई की तथा उन्हें घायल कर दिया। धर्मबहन और पुरोहित काँगडीन धर्मप्रान्त स्थित कलीसिया की पूर्व सम्पत्ति की पुनर्प्राप्ति के प्रयास में संलग्न हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार तीन सितम्बर को लगभग एक दर्जन उग्रवादियों ने धर्मबहन एवं पुरोहित पर हमला कर दिया। धर्मबहन सि. ज़ी यूमिंग को सिर एवं छाती में चोट आई है तथा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

कलीसिया की उक्त अचल सम्पत्ति में एक लैटिन स्कूल तथा किशोरों का एक प्रशिक्षण केन्द्र है जिन्हें अधिकारियों ने सन् 1950 ई. में जब्त कर लिया था।

लैटिन स्कूल को ध्वस्त कर दिया गया था तथा उसकी भूमि एक प्रायवेट कम्पनी ने अपने कब्ज़े में कर ली थी। किशोरों का प्रशिक्षण केन्द्र इस समय सरकारी अफसरों के निवास के रूप में उपयोग में लाया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार धर्मबहन एवं पुरोहित पर हमले के बाद कलीसिया के लोगों में रोष भड़क उठा जिन्होंने विरोध प्रदर्शन कर सरकार से सम्पत्ति की वापसी तथा अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की।

काँगडीन धर्मप्रान्त में काथलिकों की संख्या 13,000 है जिनकी प्रेरितिक सेवा तीन पुरोहित एवं दो धर्मबहनें कर रहीं हैं। धर्माध्यक्षीय पद इस समय खाली है इसलिये धर्मप्रान्त का प्रशासन निकटवर्ती लेशान धर्मप्रान्त कर रहा है।











All the contents on this site are copyrighted ©.