2011-08-23 10:53:03

कर्नाटकः हिन्दु चरमपंथियों ने गिरजाघर में मचाई तोड़ फोड, पुरोहित को पीटा


कर्नाटक, 23 अगस्त सन् 2011 (एशिया न्यूज़): कर्नाटक के मुधोल निवासी 28 वर्षीय प्रॉटेस्टेण्ट पादरी रेव. संगाप्पा शदरक पर रविवार को बजरंग दल के 20 हिन्दु अतिवादियों ने हमला कर दिया। पादरी शदरक रोही गाँव में रविवारीय प्रार्थना सभा का नेतृत्व कर रहे थे।

हिन्दु अतिवादियों ने गिरजाघर में तोड़ फोड़ मचाई तथा ख्रीस्तयाग के लिये उपयोग में लाई जानेवाली रोटी एवं अंगूरी का अपमान किया। उन्होंने लोगों को तितर बितर कर दिया तथा पादरी शदरक को बुरी तरह पीटा और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने भी पादरी को बिना किसी आरोप के गिरफ्तार कर जामकोटाई कारावास भेज दिया। ग्लोबल काऊन्सल ऑफ क्रिस्टियन संगठन के हस्तक्षेप के बाद पादरी को छुड़ाया गया।

घटना पर चिन्ता व्यक्त कर काऊवन्सल के अध्यक्ष साजन के. जॉर्ज ने कहा, "कर्नाटक के नये मुख्यमंत्री द्वारा ख्रीस्तीयों को सुरक्षा का आश्वासन दिये जाने के बावजूद हिन्दुत्व दलों द्वारा ख्रीस्तीयों पर आक्रमण जारी हैं।"

उन्होंने कहा कि विगत दो रविवारों से कर्नाटक के विभिन्न स्थलों पर रविवारीय प्रार्थनाओं को भंग किया गया तथा पादरियों के साथ मार पीट की गई। गिरजाघरों में तोड़ फोड़ मचाई गई तथा निर्दोष लोगों पर धर्मान्तरण के झूठे आरोप लगाये जाते रहे।"

इस तथ्य पर उन्होंने गहन चिन्ता व्यक्त की कि "आक्रामक स्वतंत्र रूप से भाग जाते हैं। भारत को स्वतंत्रता मिले 64 वर्ष बीत गये किन्तु कर्नाटक, उड़ीसा तथा गुजरात जैसे राज्यों में लोगों को धार्मिक स्वतंत्रता प्राप्त नहीं है। धर्मनिर्पेक्ष भारत पर यह एक गम्भीर कलंक है।"








All the contents on this site are copyrighted ©.