2011-08-03 12:35:24

रीमीनी, इटलीः महाधर्माध्यक्ष साम्बी की अन्तयेष्टि पर सन्त पापा का शोक सन्देश पढ़ा गया


रीमीनी, 3 अगस्त सन् 2011 (सेदोक): इटली के रीमीनी धर्मप्रान्त के सोलियानो आल रूबिकोने नगर में, मंगलवार सन्ध्या, वाटिकन के वरिष्ठ धर्माधिकारी महाधर्माध्यक्ष पियेत्रो साम्बी की अन्तयेष्टि सम्पन्न हुई।

73 वर्षीय महाधर्माध्यक्ष पियेत्रो साम्बी का निधन अमरीका के बालटीमोर स्थित जॉन्स हॉपकिन्स मेडिकल सेन्टर में, 27 जुलाई को हो गया था। अमरीका में वे परमधर्मपीठ के प्रेरितिक राजदूत थे।

रीमीनी के महाधर्माध्यक्ष फ्रान्चेस्को लामबियाज़ी ने ख्रीस्तयाग अर्पित कर दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति हेतु प्रभु ईश्वर से प्रार्थना की। ख्रीस्तयाग से पूर्व रीमीनी महाधर्मप्रान्त तथा महाधर्माध्यक्ष साम्बी के परिवार सदस्यों के नाम प्रेषित सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें का सन्देश पढ़ा गया।

सन्त पापा ने कहा कि वाटिकन डिपलोमैट की हैसियत से अपने लम्बे कार्यकाल में महाधर्माध्यक्ष साम्बी ने विश्व के विभिन्न देशों में परमधर्मपीठ को उदार सेवाएँ प्रदान की हैं। महाधर्माध्यक्ष साम्बी की, विशेष रूप से, पवित्र भूमि और हाल ही में अमरीका में अर्पित, "कर्मिष्ठ कूटनीतिक एवं प्रेरितिक गतिविधियों" की भूरि भूरि प्रशंसा कर सन्त पापा ने दिवंगत आत्मा के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महाधर्माध्यक्ष साम्बी ने, "विवेकपूर्ण ढंग से काम कर अपनी प्रज्ञा और साथ ही अपने उदार हृदय का परिचय दिया।"

महाधर्माध्यक्ष साम्बी के परिजनों, मित्रों एवं सम्पूर्ण रीमीनी महाधर्मप्रान्त के प्रति शोक के क्षण में सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने अपने प्रार्थनामय सामीप्य का आश्वासन दिया तथा दिवंगत आत्मा को प्रभु ईश्वर की करुणा के सिपुर्द कर सबको अपना प्रेरितिक आशीर्वाद प्रदान किया।

अन्तयेष्टि याग के बाद वाटिकन विदेश सच्चिवालय के वरिष्ठ अधिकारी महाधर्माध्यक्ष जोवानी बेचू ने सभी शोकाकुल व्यक्तियों के प्रति गहन सहानुभूति का प्रदर्शन किया तथा कहा कि महाधर्माध्यक्ष साम्बी का सम्पूर्ण जीवन ईश्वर एवं कलीसिया की सेवा के प्रति समर्पित था जो जटिल सामाजिक एवं कलीसियाई स्थितियों में भी चुनौतियों का सामना करने से नहीं डरे।

महाधर्माध्यक्ष साम्बी का जन्म 27 जून सन् 1938 ई. को इटली के सोलियानो रूबीकोने नगर में हुआ था। 14 मार्च सन् 1964 ई. को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये तथा सन् 1969 ई. से आप वाटिकन राज्य के सच्चिवालय में कूटनैतिक सेवाएँ अर्पित करते रहे थे। कैमरून, क्यूबा, आल्जीरिया, निकारागुआ, बैलजियम, भारत, बुरुण्डी, इण्डोनेशिया, इसराएल, साईप्रस, जैरूसालेम एवं फिलीस्तीनी क्षेत्र स्थित परमधर्मपीठीय राजदूतावासों में महाधर्माध्यक्ष साम्बी काऊन्सलर और राजदूत के पदों पर अपनी सेवाएँ प्रदान कर चुके थे। सन् 2005 से अब तक आप अमरीका में परमधर्मपीठ के प्रेरितिक राजदूत थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.