2011-04-29 18:33:40

प्रिंस विलियम और केट मिडलटन की शाही शादी सम्पन्न


(लंदन 29 अप्रैल बीबीसी, खासखबर) ब्रिटेन में प्रिंस विलियम और केट मिडलटन की शाही शादी राजसी वैभव के साथ 29 अप्रैल को सम्पन्न हुई। एंग्लिकन चर्च के प्रमुख धर्मगुरू महाधर्माध्यक्ष रोवान विलियम्स ने हजार वर्ष पुराने वेस्टमिनस्टर एबे में वर-वधू को विवाह की शपथ दिलाई और उन्हें पति-पत्नी घोषित किया। इस अवसर पर करीब 1900 विशेष अतिथि वेस्टमिनस्टर एबे में उपस्थित थे।
अनुमान है कि शाही विवाह का विश्व के करीब 180 देशों में सीधा प्रसारण किया गया और करीबन 2 अरब लोगों ने टेलिविजन पर इस समारोह का प्रसारण देखा। इस दिन ब्रिटेन में सरकारी अवकाश घोषित किया गया। लंदन के अतिरिक्त पूरे ब्रिटेन में लोगों ने जगह जगह पर स्ट्रीट पार्टियों का आयोजन कर खुशियाँ मनाईं। अनुमान है कि करीब 10 लाख लोग लंदन की सड़कों पर जमा थे। लंदन में उत्सव का माहौल रहा।
महारानी एलिजाबेथ ने प्रिंस विलियम को " डयूक औफ कैम्ब्रिज " की उपाधि दी है जबकि केट अब " डचेस ओफ कैम्ब्रिज " के नाम से जानी जायेंगी।







All the contents on this site are copyrighted ©.