2011-04-05 12:18:36

स्विटज़रलैण्डःयूरोप के धर्माध्यक्षों ने अफ्रीकी शरणार्थियों की मदद की अपील की


सेन्ट गालेन, स्विटज़रलैण्ड, पाँच अप्रैल सन् 2011 (सेदोक): यूरोपीय धर्माध्यक्षीय सम्मेलनों की समिति सी.सी.ई.ई. ने युद्ध के कारण अपने घरों से पलायन कर यूरोप आनेवाले अफ्रीकी शरणार्थियों के प्रति एकात्मता दर्शाये जाने की अपील की है।

सी.सी.ई.ई. के अध्यक्ष तथा हँगरी के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल पीटर एरदो द्वारा हस्ताक्षरित यूरोपीय धर्माध्यक्षों का सन्देश यूरोपीय संघ को प्रेषित किया गया।

सन्देश में स्वीकार किया गया कि, " यूरोप में, विशेष रूप से, लिबिया से आनेवाले आप्रवासियों की हृदय विदारक स्थिति से हम सब वाकिफ़ हैं।" उन्होंने कहा कि अधिकांश शरणार्थी इटली के समुद्री तटों पर पहुँच रहे हैं।

तथापि, धर्माध्यक्षों ने कहा कि समस्या केवल एक देश को ही प्रभावित नहीं करती बल्कि सम्पूर्ण यूरोपीय महाद्वीप की ओर से एकात्मता का आह्वान करती तथा यूरोपीय संघ के राष्ट्रों से अपील करती है कि इस कठिन क्षण में वे अपने दायित्वों को नहीं भूलें।

धर्माध्यक्षीय समिति के सन्देश में कहा गया, "हमारा विश्वास है कि इस गम्भीर एवं अत्यावश्यक समस्या को सुलझाने के लिये सभी नेताओं की प्रभावशाली भागीदारी अनिवार्य है।"

उन्होंने कहा, "प्रत्येक मानव प्राणी में हमें उस व्यक्ति की अलंघनीय प्रतिष्ठा का दर्शन करना चाहिये जो ईश्वर का प्रतिरूप है।"

धर्माध्यक्षों ने यह प्रार्थना भी की कि शस्त्रयुक्त युद्ध की समाप्ति हो तथा तर्क-वितर्क, समझौतों एवं वार्ताओं का मार्ग प्रशस्त हो सके।







All the contents on this site are copyrighted ©.