2011-03-15 11:45:07

जापानः कारितास जापान ने शुरु किया एकात्मता अभियान


जापान, 15 मार्च सन् 2011 (सी.बी.सी.आय.): उत्तरी जापान के भीषण भूकम्प एवं सुनामी के शिकार लोगों के पक्ष में विश्वव्यापी काथलिक कल्याणकारी संगठन कारितास की जापानी शाखा ने जापान के सभी गिरजाघरों में एकात्मता अभियान की घोषणा की है।

कारितास जापान के कार्यकारी निर्देशक फादर दायसुके नारुई ने फीदेस समाचार को बताया कि विस्थापित लोगों के पुनर्वास हेतु चन्दा एकत्र करने के लिये गिरजाघरों के साथ साथ, इस अभियान से, काथलिक स्कूलों, संगठनों एवं धर्मसमाजों को भी जोड़ा गया है।

निर्देशक फादर नारुई ने कहा, "हमारा कार्य, पीड़ितों और विशेष रूप से कमज़ोर जैसे वृद्धों, महिलाओं, बच्चों, आप्रवासियों एवं बेघर लोगों के प्रति प्रेम एवं एकात्मता की अभिव्यक्ति करना है। हम ग़ैरसरकारी संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम जानते हैं कि हमारे इस अभियान को सभी लोगों से उदार एवं सकारात्मक प्रत्युत्तर मिलेगा।"

फादर नारुई ने बताया कि भूकम्प एवं सुनामी के बाद स्थिति बहुत ख़राब है। हज़ारों की जान चली गई है, हज़ारों लापता है तथा लाखों बेघर हो गये हैं। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक सेनदई धर्मप्रान्त प्रभावित हुआ है जहाँ के कारितास कार्यालय से उन्हें सूचना नहीं मिली है क्योंकि आवागमन और संचार के सभी साधन ठप्प पड़े हैं।

इस बीच, सेनदई धर्मप्रान्त के प्रान्ताध्यक्ष फादर पीटर शिरो ने ज़ेनित समाचार को बताया है कि सेनदई में सेवारत कनाडा के 76 वर्षीय मिशनरी पुरोहित फादर आन्द्रे लाचापेल की भूकम्प में मृत्यु हो गई है।









All the contents on this site are copyrighted ©.