2011-02-17 16:33:46

हिन्दु सामाजिक कार्यकर्त्ता स्व. धर्माध्यक्ष जोर्ज अनाथिल की स्मृति में स्थापित प्रथम सदभावना पुरस्कार से सम्मानित


(इंदौर उकान) भारत के इंदौर धर्मप्रांत ने 82 वर्षीय हिन्दु सामाजिक कार्यकर्त्ता आनन्द मोहन माथुर को स्व. धर्माध्यक्ष जोर्ज अनाथिल की स्मृति में स्थापित पहला सदभावना पुरस्कार दिया गया। केन्द्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने इंदौर में 17 फरवरी को आयोजित एक समारोह में श्री माथुर को धर्माध्यक्ष अनाथिल मेमोरियल अवार्ड प्रदान किया। इस पुरस्कार समारोह में हिन्दु, मुसलामान, सिक्ख, ईसाई नेताओं सहित एक हजार से भी अधिक लोग शामिल हुए। यह पुरस्कार धर्माध्यक्ष जोर्ज अनाथिल की स्मृति में स्थापित किया गया है जिन्होंने 36 वर्षों तक इंदौर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष पद पर रहकर कलीसिया और सामान्य जनता के लिए सेवा कार्य़ किये। उनका दो वर्ष पूर्व निधन हो गया।
केन्द्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने कहा कि इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए कलीसिया ने सही व्यक्ति का चयन किया है जिन्होंने धर्माध्यक्ष अनाथिल के समान ही सामाजिक विकास के लिए अपने जीवन को समर्पित कर दिया है। श्री भूरिया ने स्वीकार किया कि स्वर्गीय धर्माध्यक्ष अनाथिल ने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक विकास के लिए बहुत योगदान दिया था।
82 वर्षीय श्री आनन्द मोहन माथुर अनेक सामाजिक संगठनों तथा अभियानों से जुड़े हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश की वाणिज्यिक राजधानी इंदौर में अनेक सामुदायिक भवनों, अस्पतालों तथा सार्वजनिक उद्यानों का निर्माण कराया है। वे कम्यूनल हारमनी फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष भी हैं जो एक अंतर धार्मिक मंच है तथा विभिन्न धार्मिक समुदायों को एक साथ लाने के लिए काम करता है।
स्व. धर्माध्यक्ष अनाथिल एशियाई धर्माध्यक्षीय सम्मेलनों के संघ में सामाजिक सम्प्रेषण विभाग तथा भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन सीबीसीआई के सम्प्रेषण विभाग के भी अध्यक्ष रहे थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.