2011-01-07 17:26:06

वियतनाम में जुबिली वर्ष समापन समारोह में 5 लाख विश्वासी शामिल हुए


वियतनाम के क्वांग त्रि प्रांत में स्थित माता मरियम को समर्पित 213 वर्ष पुराने राष्ट्रीय तीर्थालय में जुबिली वर्ष का समापन समारोह 6 जनवरी को आयोजित किया गया जिसमें वर्षा और कड़ी ठंढ के बावजूद लगभग 5 लाख विश्वासी शामिल हुए। यह संयोग था कि जुबिली वर्ष के उपलक्ष्य में सप्ताह भर चले समापन समारोह का अंत ला वेंग के 29 वें मरियम कांफ्रेंस के साथ हुआ जो हर तीन वर्ष पर आयोजित किया जाता है। जुबिली वर्ष के समापन पर आयोजित समारोही ख्रीस्तयाग की अध्यक्षता संत पापा के विशेष दूत के रूप में आये कार्डिनल आयवन डायस ने की जो परमधर्मपीठीय सुसमाचार प्रचार परिषद के अध्यक्ष हैं। कार्डिनल महोदय के साथ 42 धर्माध्यक्ष सहअनुष्ठाता थे जिसमें 7 धर्माध्यक्ष आस्ट्रेलिया, कम्बोजिया, फ्रांस, लाओस और अमरीका से आये थे। ख्रीस्तयाग में 1200 पुरोहित भी शामिल हुए। ख्रीस्तयाग के अंत में कार्डिनल डायस ने तीर्थालय में 5 हजार विश्वासियों के बैठने की क्षमता वाले नये बासिलिका के निर्माण के लिए नींव पत्थर फाउंडेशन स्टोन को आशीष दिया।
दोंग नोई प्रांत की 60 वर्षीय मारिये गुयेन थाई गात ने उकान समाचार सेवा से कहा कि उन्होंने पहली बार इस मरियम तीर्थालय की भेंट की तथा स्थानीय काथलिकों के लिए प्रार्थना अर्पित किया ताकि वे साहसपूर्वक अपनी धार्मिक आस्था को जी सकें तथा जुबिली वर्ष के बाद सुसमाचार का प्रचार कर सकें। उन्होंने कहा कि वे अपने बेटे के लिए भी प्रार्थना किया जो उन्हें 10 वर्ष पहले छोड़कर चला गया। मरियम तीर्थालय की भेंट करने आये सेदांग जनजातीय समूह के 20 वर्षीय किसान कोन तुम ने कहा कि उसने विगत छह महीने में दो मिलियन दोंग अर्थात लगबग 100 डालर की बचत की ताकि उसका परिवार मरियम तीर्थालय की भेंट कर सके। वह उसकी पत्नी और एक वर्षीय बेटा 4 से 6 जनवरी तक मरियम तीर्थालय में रहे। उसने कहा कि हम यहाँ आते हैं ताकि माता मरियम के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर सकें जो हमें कृपा दिलाती हैं। उसने बताया कि वियनताम के केन्द्रीय पर्वतीय क्षेत्रों से लगभग 3 हजार जनजातीय लोग मरियम तीर्थालय आये।








All the contents on this site are copyrighted ©.