वाटिकन सिटीः क्रिसमस अवधि के दौरान सन्त पापा के धर्मविधिक समारोहों का पंचाग प्रकाशित
वाटिकन ने बुधवार को क्रिसमस अवधि के दौरान सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें के नेतृत्व में
आयोजित धर्मविधिक समारोहों का पंचाग प्रकाशित किया।
इसके अनुसार शुक्रवार, 24
दिसम्बर को, क्रिसमस की पूर्व सन्ध्या, रात्रि 10 बजे, सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें, प्रभु
येसु ख्रीस्त की जयन्ती के उपलक्ष्य में, सन्त पेत्रुस महागिरजाघर की प्रमुख वेदी पर
ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे।
शनिवार, 25 दिसम्बर को, ख्रीस्तजयन्ती महापर्व के
दिन, मध्याहन 12 बजे, सन्त पेत्रुस महागिरजाघर के केन्द्रीय झरोखे से, सन्त पापा, विश्व
तथा रोम शहर के नाम क्रिसमस का विशिष्ट सन्देश जारी कर, विभिन्न भाषाओं में सम्पूर्ण
विश्व के लोगों के प्रति, ख्रीस्तजयन्ती की शुभकामनाएँ अर्पित करेंगे।
आगामी
शुक्रवार, 31 दिसम्बर को, ईश माता मरियम के महापर्व के उपलक्ष्य में, रात्रि दस बजे,
सन्त पापा की अध्यक्षता में, बीतनेवाले वर्ष हेतु, धन्यवाद ज्ञापन की धर्मविधि सम्पन्न
की जायेगी तथा यूखारिस्तीय आशीर्वाद प्रदान किया जायेगा।
आगामी शनिवार, पहली
जनवरी, सन् 2011 को, सन्त पेत्रुस महागिरजाघर में, सन्त पापा, ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे।
इस दिन कलीसिया द्वारा घोषित विश्व शान्ति दिवस भी है जिसके उपलक्ष्य में, ख्रीस्तयाग
के दौरान, विश्व शान्ति हेतु विशेष प्रार्थनाएँ अर्पित की जायेंगी।
छः जनवरी
को एपीफनी यानि प्रभु प्रकाश का महापर्व है। इस दिन, शिशु येसु के दर्शन को दूर दूर से
पहुँचे, ज्योतिषियों का पर्व मनाया जाता है। इस दिन, प्रातः दस बजे, सन्त पापा, सन्त
पेत्रस महागिरजाघर में ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे।
क्रिसमस अवधि का अन्तिम दिन
है, नौ जनवरी। इस दिन, सार्वभौमिक काथलिक कलीसिया, येसु के, यर्दन नदी में, बपतिस्मा
की स्मृति मनाती है। रविवार, नौ जनवरी को, प्रातः दस बजे, सन्त पापा, सन्त पेत्रुस महागिरजाघर
में ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे जिसके दौरान वे कुछ शिशुओं को बपतिस्मा संस्कार भी प्रदान
करेंगे।